कांग्रेस में प्रधानमंत्री मोदी जैसे नेता की कमी : पद्मजा वेणुगोपाल

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 08 Mar 2024 09:38 PM
कांग्रेस में प्रधानमंत्री मोदी जैसे नेता की कमी : पद्मजा वेणुगोपाल
ऑडियो सुनें

तिरुवनंतपुरम. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में एक दिन पहले शामिल हुईं पद्मजा वेणुगोपाल ने शुक्रवार को कहा कि कांग्रेस में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जैसे मजबूत नेता की कमी है. पद्मजा का शुक्रवार को स्थानीय हवाई अड्डे पर भाजपा नेताओं ने भव्य स्वागत किया, जिनमें पार्टी की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष के. सुरेंद्रन और कार्यकर्ता शामिल थे. बाद में संवाददाताओं से बातचीत में पद्मजा ने कहा कि उन्हें कांग्रेस छोड़ने का दु:ख है, लेकिन वह लंबे समय तक ‘अपमान’ और पीड़ा के साथ रहने को तैयार नहीं थीं.

उन्होंने कहा कि किसी ने उनसे पूछा कि कांग्रेस में समस्याओं का सामना करने के बावजूद वह उस पार्टी में मजबूती से डटी रहीं, फिर भाजपा में शामिल होने की क्या जरूरत पड़ी. पद्मजा ने कहा, ”कुछ समय से प्रधानमंत्री मोदी के कामकाज के तरीके को देखने के बाद मैंने महसूस किया कि हर पार्टी को मजबूत नेता की जरूरत है. कांग्रेस के पास ऐसा कोई नेता नहीं है.” कांग्रेस के दिग्गज नेता और केरल के पूर्व मुख्यमंत्री के. करुणाकरण की बेटी पद्मजा ने आरोप लगाया कि पुरानी पार्टी के नेताओं के पास पदाधिकारियों से बात करने तक का समय नहीं है.

उन्होंने कहा कि जब हाल में वह दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय गईं तो पाया कि सोनिया गांधी किसी से नहीं मिलतीं. पद्मजा ने कहा, ”राहुल गांधी के पास समय नहीं है और अधिकतर वरिष्ठ नेता चले गए हैं.” उन्होंने कहा, ”…उस दिन मैंने महसूस किया कि वहां रहने का कोई औचित्य नहीं है. मेरा काफी अपमान हो चुका था.” पद्मजा ने कहा, ”चुनाव के दौरान, मुझे किसी भी समिति में शामिल नहीं किया गया, पार्टी के भीतर चार-पांच लोग मुझे त्रिशूर से बाहर निकालने और हर जगह मेरे लिए समस्याएं पैदा करने का काम कर रहे थे और जब मैंने इसके बारे में शिकायत की, तो पार्टी नेतृत्व ने इस पर गंभीरता से ध्यान नहीं दिया, जिससे मैं आहत हुई.” उन्होंने कहा कि ये सब बातें कुछ समय से मेरे दिमाग में चल रही थीं, लेकिन मैंने किसी से यह साझा नहीं किया.

पद्मजा ने कहा, ”इसलिए, वे (कांग्रेस) मेरे अचानक लिये गए फैसले से स्तब्ध हो गए. उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि मैं ऐसा निर्णय भी ले सकती हूं. मैंने उन्हें कहा कि अगर किसी को किनारे लगाओगे तो वह जवाबी प्रतिक्रिया करेगा.” युवा कांग्रेस की राज्य इकाई के अध्यक्ष राहुल ममकूटथिल ने पद्मजा के भाजपा में शामिल होने पर बृहस्पतिवार को उनकी परवरिश को लेकर टिप्पणी की थी. इस बारे में पूछे जाने पर पद्मजा ने कहा, ”उनकी टिप्पणी मेरा और मेरी मां का अपमान करने वाला है और इसलिए उक्त बयान के खिलाफ शिकायत दर्ज कराऊंगी.”

पद्मजा के बड़े भाई के. मुरलीधरन अब भी कांग्रेस के सांसद हैं और उनकी प्रतिक्रिया के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि उन्हें पार्टी बदलने के फैसले पर टिप्पणी करने का अधिकार नहीं है, क्योंकि उन्होंने खुद कई दल बदले हैं. पद्मजा ने कहा, ”मैंने कांग्रेस में रहने के दौरान कभी उनके बारे में बुरा नहीं कहा और वह उसे छोड़कर दूसरे दल में शामिल हुए. वह मेरे भाई हैं और इसलिए मेरी उनके खिलाफ कुछ कहने की कोई मंशा नहीं है. लेकिन हमारी राजनीतिक और व्यक्तिगत जिंदगी को अलग रखने की जरूरत है. मेरा राजनीतिक जीवन अलग है.” पद्मजा बृहस्पतिवार को भाजपा के दिल्ली स्थित मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में औपचारिक रूप से केंद्र की सत्तारूढ़ पार्टी भाजपा की सदस्यता ली.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu