कांग्रेस नेता नवजोत सिद्धू शनिवार को पटियाला जेल से हो सकते हैं रिहा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 31 Mar 2023 10:06 PM
ऑडियो सुनें

चंडीगढ़. पटियाला की केंद्रीय जेल में करीब 10 महीने बिताने के बाद कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू के शनिवार को रिहाई की संभावना है. यह जानकारी सिद्धू के परिवारवालों और वकील ने शुक्रवार को दी. हालांकि, इस बात की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है कि 59 वर्षीय सिद्धू को रिहा किया जा रहा है. सिद्धू की रिहाई से कांग्रेस की पंजाब इकाई में फिर से हलचल बढ़ सकती है जिसे आम आदमी पार्टी (आप) ने फरवरी 2022 के विधानसभा चुनावों में हरा दिया था.

वर्ष 1988 के रोड रेज मामले में सिद्धू को सजा सुनाई गई थी. कांग्रेस की पंजाब इकाई के पूर्व प्रमुख ने पटियाला की एक अदालत में आत्मसर्मण कर दिया था जिसके बाद उन्हें पिछले साल 20 मई को जेल भेज दिया गया. उच्चतम न्यायालय ने उन्हें एक साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई थी. वकील के अनुसार, कारावास के दौरान नवजोत सिद्धू के अच्छे आचरण के कारण रिहाई पहले हो रही है, जैसा कि नियमों के तहत अनुमति है.

नवजोत सिद्धू की गैरमौजूदगी में उनकी टीम द्वारा संचालित अकाउंट से शुक्रवार को एक ट्वीट में कहा गया, ‘‘सभी को सूचित किया जाता है कि सरदार नवजोत सिंह सिद्धू को कल पटियाला जेल से रिहा कर दिया जाएगा…जैसा कि संबंधित अधिकारियों ने सूचित किया है.’’ सिद्धू के वकील एच पी एस वर्मा ने शुक्रवार को कहा कि नवजोत सिद्धू के परिवार को पटियाला जेल से उनकी रिहाई के संबंध में अधिकारियों से सूचना मिली है.

कांग्रेस नेता के बेटे करण सिद्धू ने पटियाला में संवाददाताओं से कहा कि उनके पिता की रिहाई के संबंध में संबंधित अधिकारियों से सूचना मिल गई है. करण ने कहा कि उनके पिता के शनिवार दोपहर जेल से बाहर आने की उम्मीद है. संपर्क करने पर पटियाला केंद्रीय जेल के अधीक्षक एम एस तिवाना ने कहा, ‘‘जब उनकी रिहाई के आदेश आएंगे, तो हम सूचित करेंगे.’’ कांग्रेस के कई नेता और नवजोत सिद्धू के समर्थक उनका भव्य स्वागत करने की तैयारी कर रहे हैं. कांग्रेस नेता और पूर्व विधायक नवतेज सिंह चीमा ने कहा कि वे सिद्धू की रिहाई के बाद जेल से उन्हें पटियाला में उनके आवास ले जाएंगे. चीमा ने कहा कि विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा और पार्टी नेता लाल सिंह ने शुक्रवार को जेल में सिद्धू से मुलाकात की.

करण सिद्धू ने कहा कि सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं को सूचना दे दी गई है और शनिवार को पटियाला में कई लोगों के इकट्ठा होने की उम्मीद है. सिद्धू की जेल से रिहाई के बारे में पूछे जाने पर पंजाब के मंत्री अमन अरोड़ा ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘यदि उनकी जेल अवधि कल समाप्त हो रही है तो उन्हें रिहा कर दिया जाएगा.’’ सिद्धू की रिहाई से कांग्रेस की पंजाब इकाई का मनोबल बढ़ने की उम्मीद है. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि कांग्रेस जेल से रिहाई के बाद सिद्धू को क्या भूमिका सौंपेगी.

सिद्धू की पत्नी नवजोत कौर सिद्धू ने हाल में कहा था कि वह स्टेज दो के कैंसर से पीड़ित हैं. उन्होंने भी शुक्रवार को एक भावनात्मक ट्वीट किया. सिद्धू की पत्नी ने कहा, ‘‘पंजाब के लिए नवजोत का प्यार हद से ज्यादा है.’’ नवजोत सिद्धू के वकील वर्मा ने कहा कि ‘‘अच्छे व्यवहार वाला एक दोषी सप्ताह में एक दिन (रविवार) की सामान्य छूट का हकदार है और यह 31 मार्च को 45 दिनों की छूट में तब्दील हो जाता है.’’ वकील ने कहा कि इसी मामले में सिद्धू 2007 में भी तीन दिन जेल में रहे थे. उन्होंने कहा कि इसके साथ, सिद्धू एक अप्रैल को रिहाई के योग्य हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu