कांग्रेस नेता सुरेश पचौरी, पूर्व सांसद गजेंद्र राजूखेड़ी भाजपा में शामिल…

भोपाल: लोकसभा चुनाव से पहले मध्य प्रदेश में कांग्रेस को झटका देते हुए पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी, पूर्व सांसद गजेंद्र ंिसह राजूखेड़ी और पूर्व विधायकों सहित कई अन्य नेता शनिवार को यहां भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए।

पचौरी, राजूखेड़ी और अन्य नेता सुबह पार्टी के राज्य मुख्यालय में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव, भाजपा की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष वी.डी. शर्मा और पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज ंिसह चौहान की उपस्थिति में पार्टी में शामिल हुए।

इनके अलावा, कांग्रेस के पूर्व विधायक संजय शुक्ला (इंदौर-एक), अर्जुन पलिया (पिपरिया), विशाल पटेल (देपालपुर- जिला इंदौर) ने भी सत्तारूढ़ दल का दामन थाम लिया। गांधी परिवार के करीबी माने जाने वाले पचौरी केंद्रीय रक्षा उत्पादन राज्य मंत्री भी रह चुके हैं। वह कांग्रेस के चार बार राज्यसभा सदस्य भी रहे हैं।

उन्हें कांग्रेस पार्टी में भी कई प्रमुख पदों को संभालने का मौका मिला था, जिसमें पार्टी की मध्य प्रदेश इकाई का अध्यक्ष और युवा कांग्रेस की प्रदेश इकाई का अध्यक्ष पद शामिल हैं। भाजपा में शामिल होने के बाद पचौरी ने कांग्रेस की आलोचना करते हुए कहा कि वह पहले जातिविहीन और वर्गविहीन समाज की बात करती थी लेकिन अब वह देश को जाति के आधार पर बांट रही है।

उन्होंने कहा, ‘‘ कांग्रेस अब जाति विभाजन की बात कर रही है, जिसके चलते देश में जातीय संघर्ष बढ़ गया है।’’ पूर्व मुख्यमंत्री चौहान ने पचौरी का पार्टी में स्वागत करते हुए कहा कि दिग्गज नेता ने पार्टी में शामिल होने से कोई शर्त नहीं रखी।

चौहान ने कहा, ‘‘ पचौरी जी बिना किसी शर्त भाजपा में शामिल हुए। जब पचौरी जी से इस बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि कांग्रेस अप्रासंगिक हो गई है और उसके पास नेतृत्व तथा नीति नहीं है। वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश की सेवा करना चाहते हैं।’’

प्रमुख आदिवासी नेता राजूखेड़ी 1998, 1999 और 2009 में कांग्रेस के टिकट पर धार (अनुसूचित जनजाति) लोकसभा सीट से सांसद चुने जा चुके हैं। कांग्रेस में शामिल होने से पहले 1990 में वह भाजपा विधायक भी रहे।
कांग्रेस की भोपाल जिला इकाई के पूर्व अध्यक्ष कैलाश मिश्रा, पार्टी की छात्र शाखा नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन आॅफ इंडिया (एनएसयूआई) की प्रदेश इकाई के पूर्व प्रमुख अतुल शर्मा, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता आलोक चंसोरिया भी पचौरी के साथ भाजपा में शामिल हो गए।

इस बीच, सात मार्च को पचौरी द्वारा कांग्रेस प्रमुख मल्लिकार्जुन खरगे को संबोधित एक पत्र सोशल मीडिया पर सामने आया था जिसमें उन्होंने कहा था कि वह पार्टी से इस्तीफा दे रहे हैं। पत्र में पचौरी ने कहा था कि उन्होंने 50 साल तक कांग्रेस की सेवा की, लेकिन पार्टी अब उन सिद्धांतों से भटक गई है जिनके लिए वह कभी खड़ी हुई थी।

Related Articles

Back to top button