कांग्रेस नेताओं को कच्चातिवु पर कोई पछतावा नहीं : तमिलनाडु भाजपा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 10 Apr 2024 09:09 PM
कांग्रेस नेताओं को कच्चातिवु पर कोई पछतावा नहीं : तमिलनाडु भाजपा
ऑडियो सुनें

चेन्नई. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की तमिलनाडु इकाई के प्रमुख के. अन्नामलाई ने कच्चातिवु एवं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह की टिप्पणी को लेकर बुधवार को आपत्ति जताई और उनसे बिना शर्त माफी मांगने को कहा. भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि कच्चातिवु श्रीलंका को देकर क्षेत्रीय अखंडता को क्षति पहुंचाने और तमिलनाडु के मछुआरों के जीवन को खतरे में डालने के लिए कांग्रेस नेताओं को किसी प्रकार का पछतावा नहीं है. उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर कांग्रेस नेताओं के विचार उनकी मानसिकता को दर्शाते हैं.

अक्साई चीन पर पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू की टिप्पणियों और कच्चातिवु के संबंध में कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह की टिप्पणियों के संदर्भ में अन्नामलाई ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ”अक्साई चीन में घास का एक तिनका भी नहीं उगता और कच्चातिवु में कौन रहता है जैसी टिप्पणियां कांग्रेस की मानसिकता दर्शाती है.” अन्नामलाई ने सिंह का एक वीडियो भी साझा किया जिसमें कांग्रेस नेता ने कच्चातिवु मुद्दा को लेकर मोदी की आलोचना की.

इस मुद्दे पर मोदी की प्रतिक्रिया को लेकर सिंह ने दिल्ली में संवाददाताओं से कहा था, ”मैं यह पूछना चाहता हूं कि क्या कोई व्यक्ति उस द्वीप पर रह रहा है.” अन्नामलाई ने पोस्ट में कहा, ”कांग्रेस को इस तरह के असंवेदनशील बयान और हमारे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर टिप्पणी के लिए तमिल मछुआरों से बिना शर्त माफी मांगनी चाहिए. प्रधानमंत्री मोदी मछुआरों के साथ मजबूती से खड़े हैं.” वर्ष 1974 में पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने एक समझौते के तहत द्वीप श्रीलंका को दे दिया था.

प्रधानमंत्री मोदी द्वारा इस मुद्दे को उठाए जाने के बाद लोकसभा चुनाव में कच्चातिवु का मुद्दा जोर पकड़ रहा है. मोदी ने कच्चातिवु देने के लिए कांग्रेस और द्रमुक को जिम्मेदार ठहराया. प्रधानमंत्री मोदी ने बुधवार को तमिलनाडु में दो रैलियों के दौरान फिर से कच्चातिवु का मुद्दा उठाया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu