कांग्रेस ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के एक वर्ष पूरा होने पर करेगी जिला स्तरीय यात्राओं का आयोजन

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 03 Sep 2023 08:25 PM
कांग्रेस ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के एक वर्ष पूरा होने पर करेगी जिला स्तरीय यात्राओं का आयोजन
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली/मुंबई. कांग्रेस द्वारा पिछले वर्ष सात सितंबर को कन्याकुमारी से कश्मीर तक निकाली गई ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के एक वर्ष पूरा होने के मौके पर पार्टी की जिला स्तर पर यात्राएं निकालने की योजना है. सूत्रों ने रविवार को यह जानकारी दी. पार्टी नेता राहुल गांधी ने पार्टी के कई नेताओं के साथ 3500 किलोमीटर से अधिक की यात्रा की थी और इस दौरान. उन्होंने समाज के विभिन्न वर्ग के लोगों से बातचीत की थी. यात्रा के एक वर्ष पूरे होने पर पार्टी इस उपलब्धि को बड़े स्तर पर मनाने की योजना बना रही है. उन्होंने बताया कि यात्रा कितनी लंबी होगी तथा यात्रा के संबंध में अन्य तैयारियों पर काम चल रहा है.

राहुल ने सात सितंबर 2022 को कन्याकुमारी से यात्रा की शुरुआत की थी, जो इस वर्ष 30 जनवरी को श्रीनगर में समाप्त हुई थी. यह यात्रा 145 दिन चली थी. उन्होंने श्रीनगर में शेर-ए-कश्मीर क्रिकेट स्टेडियम में अपने संबोधन में कहा था,” मैंने ये (यात्रा) अपने लिए या कांग्रेस के लिए नहीं की, बल्कि देश के लोगों के लिए की है. हमारा मकसद उस विचारधारा के खिलाफ खड़ा होना है, जो देश की बुनियाद को नष्ट करना चाहती है. ”

यात्रा के दौरान राहुल गांधी ने 12 जन सभाओं, 100 से अधिक नुक्कड़ सभाओं और 13 संवाददाता सम्मेलन को संबोधित किया था. उन्होंने 275 से अधिक बार बातचीत पैदल चलते हुए और 100 से अधिक बातचीत बैठकर की थी. कई विशेषज्ञों ने कहा था कि कांग्रेस के लिए इस यात्रा की बड़ी उपलब्धि गांधी की छवि में बदलाव के तौर पर रही. इस यात्रा से उनकी छवि एक अनिच्छुक और अंशकालिक राजनेता से एक ऐसे व्यक्ति की बनी, जो परिपक्व है और विरोधियों द्वारा गंभीरता से लिया जाता है.

कहा जाता है कि यात्रा का विचार कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश तथा पार्टी नेता दिग्विजय सिंह का था. रमेश ने तब कहा था कि यात्रा का मकसद गांधी की छवि में बदलाव लाना नहीं है, बल्कि यह उसका परिणाम है. रमेश ने कहा था कि कांग्रेस को यात्रा से काफी लाभ हुआ. साथ ही उन्होंने कहा था कि पार्टी यात्रा के संदेशों — आर्थिक असमानता, सामाजिक ध्रुवीकरण और राजनीतिक तानाशाही से गणतंत्र को खतरे– को लोगों तक पहुंचाने में सफल रही.

कांग्रेस ने लोगों से संपर्क साधने के लिए महाराष्ट्र में ‘जन संवाद यात्रा’ शुरू की

कांग्रेस की महाराष्ट्र इकाई ने लोगों तक पहुंचने, अपने कार्यकर्ताओं को एकजुट करने और बेरोजगारी व महंगाई जैसे मुद्दों के माध्यम से केंद्र और एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली राज्य सरकार की ”गलत नीतियों” को उजागर करने के लिए रविवार को राज्य में अपनी ‘जन संवाद यात्रा’ शुरू की.

हालांकि, जालना जिले में मराठा आरक्षण की मांग कर रहे प्रदर्शनकारियों पर पुलिस के लाठीचार्ज के बाद क्षेत्र में तनाव रहने के मद्देनजर प्रदेश कांग्रेस ने मराठवाड़ा के सभी आठ जिलों – औरंगाबाद, उस्मानाबाद, जालना, बीड, लातूर, नांदेड़, हिंगोली और परभणी में अपनी ‘जनसंवाद यात्रा’ स्थगित कर दी. कांग्रेस की महाराष्ट्र इकाई के प्रमुख नाना पटोले ने पूर्वी विदर्भ के वर्धा जिले से पार्टी के जन संपर्क कार्यक्रम की शुरुआत की. यात्रा से पहले उन्होंने आष्टी तालुका में शहीदों के स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की.

इस अवसर पर उन्होंने कहा, ”राज्य और केंद्र सरकार की गलत नीतियों के कारण किसान, युवा, महिलाएं और व्यापारी पीड़ित हैं. राज्य सूखे जैसी स्थिति से जूझ रहा है और खरीफ की फसलें बर्बाद हो गई हैं.” पटोले ने राज्य सरकार को ”अवैध और असंवैधानिक” बताया.
जालना में मराठा समुदाय के लिए आरक्षण की मांग कर रहे प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज के लिए सरकार की आलोचना करते हुए पटोले ने आरोप लगाया कि यह 31 अगस्त और एक सितंबर को मुंबई में आयोजित विपक्षी दलों के गठबंधन ‘इंडिया’ की बैठक से ध्यान भटकाने के लिए किया गया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu