कांग्रेस का ‘सत्याग्रह’ उसके अहंकार को दर्शाने वाला, महात्मा गांधी का अपमान: भाजपा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 26 Mar 2023 07:45 PM
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली/लखनऊ/पटना. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने ‘‘संकल्प सत्याग्रह’’ को लेकर रविवार को कांग्रेस की आलोचना की और आरोप लगाया कि वह देश के ‘पूरे पिछड़े समुदाय’ के खिलाफ राहुल गांधी की टिप्पणी को सही ठहराने के लिए देश के संविधान और अदालत के फैसले के खिलाफ आंदोलन कर रही है.

भाजपा प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने यहां संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कांग्रेस के आंदोलन को महात्मा गांधी का ‘‘अपमान’’ करार देते हुए कहा कि राष्ट्रपिता ने सामाजिक मुद्दों के लिए सत्याग्रह किया था, जबकि कांग्रेस निजी कारणों से ‘तथाकथित सत्याग्रह’ कर रही है.

उन्होंने आरोप लगाया कि गुजरात में मानहानि के एक मामले में गांधी को दोषी ठहराए जाने और अदालत के फैसले के परिणामस्वरूप लोकसभा सदस्य के रूप में उन्हें स्वत: अयोग्य करार दिए जाने के बाद कांग्रेस का आंदोलन उसके अहंकार का ‘निर्लज्ज’ प्रदर्शन है.
उन्होंने कहा कि आंदोलन का सच्चाई के लिए लड़ने से कोई लेना-देना नहीं है.

त्रिवेदी ने कहा, ‘‘संपूर्ण लोकतंत्र के प्रति अपमानजनक टिप्पणी करने वाले लोग, सत्याग्रह के नाम पर महात्मा गांधी की समाधि पर जो कर रहे हैं, उसमें सत्य के प्रति कोई आग्रह नहीं, बल्कि अहंकार का दुराग्रह निर्लज्जता के साथ दिख रहा है.’’ भाजपा नेता ने कहा कि गांधी को सूरत की एक अदालत ने उचित कानूनी प्रक्रिया के बाद दोषी ठहराया और लोकसभा सदस्य के रूप में उन्हें अयोग्य ठहराया जाना संबंधित कानून के तहत स्वत: हुआ है.

भाजपा नेता ने पूछा, ‘‘फिर सत्याग्रह किस लिए?’’ उन्होंने कांग्रेस से स्पष्टीकरण की मांग करते हुए कहा, ‘‘क्या यह देश के पूरे पिछड़े समुदाय का अपमान करने के तरीके को सही ठहराने के लिए है या उस अदालत के खिलाफ जिसने आपको सजा सुनाई है या उस प्रावधान के खिलाफ जिसके तहत आपको अयोग्य ठहराया गया है?’’

यह उल्लेख करते हुए कि 1984 के सिख विरोधी दंगों में कथित तौर पर शामिल कुछ कांग्रेस नेता भी पार्टी के आंदोलन में भाग ले रहे थे, भाजपा नेता ने विपक्षी दल से यह स्पष्ट करने को भी कहा कि क्या राजघाट में महात्मा गांधी के समाधि स्थल पर आयोजित उनका सत्याग्रह भी ‘अहिंसा’ के खिलाफ है.

योगी आदित्यनाथ ने किया कांग्रेस पर तंज, कहा- असत्य के मार्ग पर चलने वाले सत्याग्रह नहीं कर सकते

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी की संसद सदस्यता समाप्त किए जाने के विरोध में रविवार को उनकी पार्टी द्वारा आयोजित ‘सत्याग्रह’ कार्यक्रम पर तंज करते हुए कहा कि असत्य के मार्ग पर चलने वाले लोग सत्याग्रह नहीं कर सकते.

राज्य सरकार के एक प्रवक्ता के मुताबिक, मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने कांग्रेस के सत्याग्रह कार्यक्रम पर तंज करते हुए कहा कि असत्य के मार्ग पर चलने वाला सत्याग्रह की बात नहीं कर सकता. आदित्यनाथ ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि अपने देश की निंदा करने और उसे कठघरे में खड़ा करने वाला कोई भी व्यक्ति सत्याग्रह नहीं कर सकता.

उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार में डूबे हुए और लोकतंत्र को कमजोर करने वाले लोग सत्याग्रह नहीं कर सकते. उन्होंने कहा कि देश को भाषावाद और क्षेत्रवाद जैसे ‘तमाम वादों’ में बांटने वाले लोग आज सत्याग्रह कर रहे हैं. मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि भारत के जवानों के प्रति जिनके मन में श्रद्धा और सम्मान का भाव नहीं है, वे सत्याग्रह की बात नहीं कर सकते.

गिरिराज ने राहुल की अयोग्यता पर बिहार के मुख्यमंत्री की ‘चुप्पी’ को लेकर कटाक्ष किया
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने रविवार को आरोप लगाया कि राहुल गांधी को अयोग्य ठहराए जाने पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की ‘‘’चुप्पी’’ यह संकेत देती है कि जनता दल (यूनाइटेड) के नेता विपक्षी खेमे के नेतृत्व का दावा करने की संभावना से खुश हैं. भाजपा नेता ने ‘‘मेरा नाम सावरकर नहीं है’’ वाली टिप्पणी के लिए गांधी की आलोचना की और कहा कि कांग्रेस नेता को हिंदुत्व के प्रतीक सावरकर की तरह बनने में ‘‘कई जीवन’’ लग जाएंगे.

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश मुख्यालय में बेगूसराय के सांसद सिंह मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की ‘‘चुप्पी’’ को लेकर पत्रकारों के सवालों का जवाब दे रहे थे. हालांकि जद (यू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सहित पार्टी के शीर्ष नेताओं ने अयोग्यता की साफ तौर पर निंदा की है. सिंह ने कहा, ‘‘उन्हें (कुमार को) खुश होना चाहिए कि उनकी संभावनाएं उज्जवल हो गई हैं. आखिरकार, शीर्ष स्थान के लिए प्रतिस्पर्धा की महत्वाकांक्षा सभी दलों (भाजपा विरोधी) की परिभाषित विशेषता बन गई है.’’

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu