केजरीवाल के खिलाफ रची जा रही साजिश, जेल में उनके साथ कुछ भी हो सकता है: संजय सिंह

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 19 Apr 2024 07:35 PM
केजरीवाल के खिलाफ रची जा रही साजिश, जेल में उनके साथ कुछ भी हो सकता है: संजय सिंह
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. आम आदमी पार्टी (आप) के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के खिलाफ गहरी साजिश रची जा रही है और जेल में उनके साथ कुछ भी हो सकता है. यहां एक संवाददाता सम्मेलन में सिंह ने दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) किसी की हत्या करने के स्तर तक भी गिर सकती है. साथ ही उन्होंने केजरीवाल के ‘जीवन को खतरे में डालने की साजिश’ में कथित रूप से शामिल अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की.

सिंह ने आरोप लगाया, ”अरविंद केजरीवाल के खिलाफ गहरी साजिश रची जा रही है और जेल के अंदर उनके साथ कुछ भी हो सकता है.” उन्होंने यह भी कहा कि ‘आप’ नेता इस मुद्दे को उठाने के लिए निर्वाचन आयोग और राष्ट्रपति से मिलेंगे. दिल्ली की कैबिनेट मंत्री आतिशी ने बताया कि मुख्यमंत्री केजरीवाल ने अदालत में एक अर्जी दाखिल कर इंसुलिन और दवाएं मुहैया कराने की अपील की है. वहीं, इससे एक दिन पहले आतिशी ने आरोप लगाया था कि मुख्यमंत्री को जेल में घर का बना भोजन और इंसुलिन से वंचित कर मारने की साजिश रची जा रही है, लेकिन तिहाड़ जेल अधिकारियों ने उनके इस आरोप को सिरे से खारिज कर दिया.

आतिशी ने शुक्रवार को कहा, ”केंद्र, प्रवर्तन निदेशालय और तिहाड़ (प्रशासन) इसका विरोध क्यों कर रहे हैं? हमने सुना है कि आजादी से पहले कैदियों के साथ ऐसी चीजें होती थीं. यह सब एक बड़ी साजिश का हिस्सा है.” आतिशी ने सवाल किया, ”तिहाड़ प्रशासन ने किस कानूनी प्रावधान के तहत प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के साथ (केजरीवाल की स्वास्थ्य संबंधी) जानकारियां साझा कीं? जांच एजेंसी का एक ही काम है कि वे धनशोधन की जांच करें. क्या आप ने उनकी रोटियों में नकदी मिलाई? ईडी को ये सभी जानकारियों क्यों साझा की गईं? ईडी ने इन्हें अदालत में क्यों जमा किया?”

ईडी ने बृहस्पतिवार को अदालत के समक्ष दावा किया कि केजरीवाल चिकित्सा आधार पर जमानत पाने के लिए मधुमेह होने के बावजूद हर दिन आम और मिठाई जैसे ज्यादा शर्करा वाले खाद्य पदार्थ खा रहे हैं. भाजपा के वरिष्ठ नेता और दक्षिण दिल्ली लोकसभा सीट से पार्टी उम्मीदवार रामवीर सिंह बिधूड़ी ने आप के आरोपों पर पलटवार करते हुए दावा किया कि वे केजरीवाल की स्वास्थ्य स्थिति के जरिये ‘राजनीतिक लाभ’ लेने की कोशिश कर रहे हैं. दिल्ली विधानसभा में विपक्ष के नेता बिधूड़ी ने सुझाव दिया कि तिहाड़ जेल में बंद मुख्यमंत्री को केवल एक आहार विशेषज्ञ की सलाह पर ही भोजन दिया जाना चाहिए. आप नेता संजय सिंह ने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री मधुमेह के लिए इंसुलिन लेते हैं.

उन्होंने कहा कि यदि मधुमेह से ग्रस्त व्यक्ति को समय पर इंसुलिन नहीं दी जाएगी तो उसकी मौत भी हो सकती है. राज्यसभा सदस्य ने पूछा, ”भाजपा के इशारे पर उनकी (केजरीवाल की) जिंदगी से क्यों खिलवाड़ किया जा रहा है और उन्हें इंसुलिन क्यों नहीं मुहैया कराई जा रही है?” संजय सिंह ने केजरीवाल की बीमारी का ‘मजाक उड़ाने’ के लिए भाजपा नेताओं की आलोचना की. साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री के बारे में मीडिया के माध्यम से ‘भ्रामक खबरें’ फैलाई जा रही हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu