कटक: वन विभाग की हिरासत में व्यक्ति की मौत, नाराज भीड़ ने बीट हाउस में लगाई आग

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 06 Feb 2023 06:45 PM
ऑडियो सुनें

भुवनेश्वर. कटक जिले में वन विभाग द्वारा हिरासत में लिये गये एक ग्रामीण की मृत्यु के बाद भीड़ ने एक बीट हाउस को आग के हवाले कर लिया. एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी. खूंटाकाटा सतगोछिया गांव के रहने वाले 59 साल के धनेश्वर बहेरा को अथागढ़ इलाके के वन विभाग के अधिकारियों ने रविवार को एक हाथी का शिकार करने और उसके दांत निकालने के आरोप में हिरासत में लिया था.

हालांकि, धनेश्वर वन विभाग की हिरासत में मृत मिला जिसके बाद नाराज ग्रामीणों ने बड़ाबसुनी छाक में सड़क मार्ग अवरुद्ध कर दिया.
बहेरा की पत्नी तुलसी ने स्थानीय निवासियों की मौजूदगी में आरोप लगाया कि वन विभाग के अधिकारियों ने उनके पति को मार डाला. पुलिस ने यह जानकारी दी. पुलिस ने बताया कि भीड़ ने जंगल के बीट हाउस में आग भी लगा दी.

तुलसी ने कहा कि वन्य अधिकारियों ने धनेश्वर को उस समय पकड़ा जब वह रविवार रात को अपनी बेटी के घर से लौट रहे थे.
प्रधान मुख्य वन संरक्षक देवीदत्त बिस्वाल ने बताया कि वन विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी को घटना की जांच के लिए अथागढ़ भेजा गया है.

उन्होंने कहा, ‘‘अगर हिरासत में आरोपी पर किसी अधिकारी द्वारा थर्ड डिग्री का इस्तेमाल करने की बात पता चली तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी.’’ इस बीच, बहेरा की मौत के बाद पुलिस ने दो सहायक वन संरक्षकों समेत वन विभाग के 15 अधिकारियों को हिरासत में ले लिया.

वन अधिकारियों को 31 जनवरी को एक हाथी के अवशेष मिले थे जिसके दांत नहीं थे. वन विभाग के अधिकारियों ने कहा कि शिकारी होने के संदेह में धनेश्वर को पकड़ा गया था. हालांकि, हिरासत में उसकी मृत्यु हो गयी. वन विभाग ने मृतक के परिवार को 4.79 लाख रुपये मुआवजा और उनके बेटे को नौकरी देने पर सहमति जताई है. अथागढ़ के पुलिस अधिकारी बिजय बिसी ने बताया कि इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu