कांग्रेस छोड़ने वाले दलबदलू नेता ‘वॉशिंग मशीन’ के लाभार्थी हैं : जयराम रमेश

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 03 Mar 2024 06:48 PM
कांग्रेस छोड़ने वाले दलबदलू नेता ‘वॉशिंग मशीन’ के लाभार्थी हैं : जयराम रमेश
ऑडियो सुनें

ग्वालियर. कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने रविवार को उन नेताओं पर निशाना साधने के लिए ”वॉशिंग मशीन” की उपमा दी जो कांग्रेस छोड़कर सत्तारूढ. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए हैं. उन्होंने कहा कि कांग्रेस छोड़ने वाले दलबदलू नेता ‘वॉशिंग मशीन’ के लाभार्थी हैं.

विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस'(इंडिया) में शामिल दल ‘वॉशिंग मशीन’ उपमा का उपयोग अक्सर यह बताने के लिए करते हैं कि जिन नेताओं के खिलाफ भ्रष्टाचार के मामले लंबित हैं वे भाजपा में शामिल होने के बाद ‘बेदाग’ हो जाते हैं.

रमेश ने कहा कि राहुल गांधी ने ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ के पिछले 50 दिनों के दौरान किसानों, युवाओं, महिलाओं और मजदूरों को ध्यान में रखते हुए पांच ”न्याय गारंटी” की बात की है. कांग्रेस नेता ने संवाददाता सम्मेलन में कहा, ”जिन लोगों को वॉशिंग मशीन की जरूरत है, वे छोड़कर वहां जा रहे हैं (भाजपा में शामिल हो रहे हैं). आप उन कांग्रेस नेताओं को गिनें, जिन्होंने पार्टी छोड़ दी है, चाहे वह असम के मुख्यमंत्री (हिमंत विश्व शर्मा) हों…सभी इस वॉशिंग मशीन के लाभार्थी हैं.”

केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के कांग्रेस छोड़ने से जुड़े सवाल पर रमेश ने कहा, ”सभी को विभिन्न आकार की वॉशिंग मशीन की जरूरत होती है. कुछ को छोटी, कुछ को मध्यम आकार की वॉशिंग मशीन की जरूरत होती है, जबकि अन्य को टैंक के आकार की वॉशिंग मशीन की जरूरत होती है.” भाजपा ने शनिवार को आगामी लोकसभा चुनाव में सिंधिया को उनके गृह क्षेत्र गुना से उम्मीदवार बनाने की घोषणा की. रमेश ने कहा कि राहुल गांधी ने आज सुबह ग्वालियर में अग्निवीरों और पूर्व सैनिकों से बातचीत की.

कांग्रेस महासचिव ने कहा, ”भारत जोड़ो न्याय यात्रा के पिछले 50 दिनों के दौरान, राहुल गांधी ने युवाओं, महिलाओं, मजदूरों और किसानों के लिए पांच ‘न्याय’ और (शासन में लोगों की) भागीदारी के बारे में बात की.” उन्होंने दावा किया, ”हर एक दशक में होने वाली जनगणना की कवायद 2021 में शुरू की जानी थी, लेकिन जनगणना नहीं की गई. 2011 की जनगणना के जाति-संबंधी आंकड़ों की घोषणा अभी तक केंद्र की मोदी सरकार ने नहीं की है.” कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य दिग्विजय सिंह ने दावा किया कि सत्ता, संपत्ति और जमीन के लालची ही कांग्रेस का साथ छोड़ रहे हैं.

सिंधिया पर निशाना साधते हुए सिंह ने कहा, ”केवल वे लोग ही पार्टी छोड़ रहे हैं जो सत्ता, धन और जमीन के लालची हैं. केवल वही पार्टी छोड़कर जा रहे हैं जो विचारधारा की राजनीति में विश्वास नहीं करते बल्कि सत्ता पाने के लिए राजनीति करते हैं.” कांग्रेस महासचिव जितेंद्र सिंह और कांग्रेस की मध्य प्रदेश इकाई के अध्यक्ष जीतू पटवारी भी प्रेसवार्ता में मौजूद थे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu