दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को ‘झूठे’ मामले में जेल भेजा गया: सुनीता केजरीवाल

रोहतक. दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल ने हरियाणा के लोगों से रविवार को आग्रह किया कि वे आगामी विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी (आप) की जीत सुनिश्चित करके उनके पति को ”झूठे” मामले में जेल भेजने के ”अपमान” का बदला लें.

उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अरविंद केजरीवाल से ”ईष्र्या” करते हैं क्योंकि उन्होंने ‘आप’ शासित दिल्ली और पंजाब के लिए काम किया है. ‘आप’ के राष्ट्रीय संयोजक केजरीवाल को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कथित आबकारी नीति घोटाले से जुड़े धनशोधन मामले में 21 मार्च को गिरफ्तार किया था. उच्चतम न्यायालय ने उन्हें अंतरिम जमानत दे दी है लेकिन वह अभी भी जेल में हैं क्योंकि सीबीआई ने उन्हें संबंधित मामले में गिरफ्तार कर लिया है.

हरियाणा के दो दिवसीय दौरे पर आईं सुनीता केजरीवाल ने यहां सांपला में एक सभा को संबोधित किया और कहा कि उनके पति ने सरकारी स्कूलों तथा अस्पतालों का “कायाकल्प” किया और दिल्ली तथा पंजाब में मोहल्ला क्लिनिक बनाए. उन्होंने कहा, ”उन्होंने ऐसे काम किए जो पुरानी पार्टियां और बड़े नेता कभी नहीं कर पाए.” सुनीता केजरीवाल ने कहा, ”अब दिल्ली और पंजाब में 24 घंटे बिजली आपूर्ति हो रही है. केजरीवाल ने लोगों की भलाई के लिए बहुत काम किया है. क्या कोई ऐसी पार्टी है जिसने सरकारी स्कूलों का कायाकल्प किया हो, मोहल्ला क्लीनिक बनाए हों, चिकित्सा प्रणाली में सुधार किया हो और बिजली मुफ्त की हो?”

उन्होंने कहा, ”ये सभी काम केवल हरियाणा के लाल (अरविंद) केजरीवाल ही कर सकते हैं.” उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री मोदी ”केजरीवाल से ईष्र्या करते हैं, क्योंकि वह ऐसा काम नहीं कर सकते”. उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा शासित हरियाणा के सांपला में सरकारी स्कूल की हालत खराब है और क्षेत्र में लंबे समय तक बिजली कटौती होती है.

उन्होंने कहा, ”मोदी न तो स्कूलों की स्थिति सुधार सकते हैं और न ही अस्पताल. अरविंद केजरीवाल को उनके काम रोकने के लिए झूठे मामले में जेल में डाला गया. मोदी जी ने हरियाणा को चुनौती दी है कि उन्होंने केजरीवाल को जेल में डाल दिया है और वे जो कर सकते हैं, कर लें.” खुद को ”हरियाणा की बहू” बताते हुए सुनीता केजरीवाल ने लोगों से पूछा, ”क्या आप यह अपमान बर्दाश्त करेंगे?” उन्होंने लोगों से कहा, ”आपके बेटे केजरीवाल ने हरियाणा को दुनिया में लोकप्रिय बनाया है. क्या आप उनका समर्थन करेंगे? आपको इस अपमान का बदला लेना होगा.” सुनीता केजरीवाल ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा को एक भी सीट नहीं मिलनी चाहिए और उन्होंने लोगों से ‘आप’ को चुनाव में विजयी बनाने का आग्रह किया.

उन्होंने कहा, ”यह केजरीवाल की बात नहीं, यह हरियाणा के सम्मान की बात है.” उन्होंने हरियाणा के लिए केजरीवाल की पांच गारंटियों को भी गिनाया, जिनमें परिवारों को मुफ्त बिजली, स्कूली शिक्षा और चिकित्सा उपचार के अलावा राज्य की हर महिला को 1,000 रुपये प्रति माह और युवाओं को रोजगार देने का वादा किया गया है.

‘आप’ नेता संजय सिंह ने पानीपत में एक रैली को संबोधित करते हुए लोगों से आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा को हराने को कहा. उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल को झूठे मामले में जेल भेजने का बदला भाजपा से लिया जाना चाहिए. उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल तीन बार दिल्ली के मुख्यमंत्री बने और उन्होंने राष्ट्रीय राजधानी में शिक्षा, पानी, महिलाओं के लिए बस यात्रा और बुजुर्गों के लिए तीर्थयात्रा मुफ्त कर दी.

सिंह ने कहा कि केजरीवाल को ”भाजपा ने जेल में डाल दिया है”. उन्होंने पूछा, ”(अरविंद) केजरीवाल का क्या दोष है?” राज्यसभा सदस्य सिंह ने कहा, ”हमें बदला लेना है… हमें इस विधानसभा चुनाव में भाजपा को हराना है.” उन्होंने लोगों से राज्य में ”भ्रष्ट भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकने” का आग्रह किया और कहा, ”हम हरियाणा में बदलाव लाएंगे.” हरियाणा में कथित प्रश्न पत्र लीक और बेरोजगारी के मुद्दे पर नायब सिंह सैनी सरकार पर निशाना साधते हुए सिंह ने कहा कि युवा इसका खामियाजा भुगत रहे हैं. उन्होंने अग्निपथ योजना को लेकर भाजपा नीत केंद्र सरकार पर निशाना साधा और दावा किया कि इसने देश की रक्षा करने के इच्छुक युवाओं के सपनों को ‘चकनाचूर’ कर दिया है.

किसानों का मुद्दा उठाते हुए सिंह ने कहा कि जब वे अपनी फसल का उचित दाम मांगते हैं तो उन्हें लाठियों से पीटा जाता है. उन्होंने कहा, ”जो लोग आपको दिल्ली नहीं जाने देते, उनसे कह दीजिए कि विधानसभा चुनाव में आप उन्हें सत्ता से हटा देंगे.” सिंह ने कहा, ”आज साइकिल, कार, साबुन और यहां तक कि सुई बनाने वाले भी अपने उत्पादों की कीमतें तय करने के लिए स्वतंत्र हैं. लेकिन किसान द्वारा उगाए गए गेहूं और धान की कीमतें दिल्ली में तय होती हैं.”

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button