प्रधानमंत्री मोदी को श्रेय मिलने के डर से दिल्ली सरकार केंद्रीय मदद से इनकार कर रही: राजनाथ

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 02 Feb 2025 09:47 PM
प्रधानमंत्री मोदी को श्रेय मिलने के डर से दिल्ली सरकार केंद्रीय मदद से इनकार कर रही: राजनाथ
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रविवार को दावा किया कि दिल्ली की आम आदमी पार्टी (आप) सरकार ने इस डर से केंद्रीय सहायता से इनकार कर दिया कि इसका श्रेय नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार को जाएगा. राजेंद्र नगर में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार के तहत भारत की अर्थव्यवस्था आगे बढ़ी है, लेकिन दिल्ली को इससे कोई फायदा नहीं हुआ.

सिंह ने कहा, ”भाजपा को लंबे समय से दिल्ली की सेवा करने का मौका नहीं मिला… दिल्ली में वह विकास नहीं हुआ, जिसकी यह हकदार थी.” उन्होंने कहा कि मोदी सरकार में भारत विकास के पथ पर अग्रसर है. उन्होंने कहा कि 2014 में भारत 11वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था थी, लेकिन आज यह पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है.

सिंह ने कहा, ”जब भारत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में विकास कर रहा है, तो दिल्ली क्यों पीछे रह जाए? शहर की सरकार केंद्र की मदद नहीं लेती है. हम किसी भी राज्य के साथ भेदभाव नहीं करते हैं, लेकिन (दिल्ली) के मुख्यमंत्री डरते हैं कि मोदी जी को श्रेय मिलेगा.” उन्होंने आप प्रमुख पर अपने वादे पूरे नहीं करने का भी आरोप लगाया. कांग्रेस का दिल्ली की राजनीति में कोई अस्तित्व नहीं होने का दावा करते हुए सिंह ने कहा, ”राहुल गांधी ने दावा किया था कि वह मर जाएंगे, लेकिन भाजपा के साथ समझौता नहीं करेंगे… क्या किसी ने आपसे भाजपा के साथ समझौता करने के लिए कहा था?”

कांग्रेस प्रमुख मल्लिकार्जुन खरगे की आलोचना करते हुए वरिष्ठ भाजपा नेता ने कहा, ”उन्होंने महाकुंभ के बारे में कुछ टिप्पणी की… क्या वह अन्य धर्मों के खिलाफ ऐसी टिप्पणी कर सकते हैं?” दिल्ली की 70 सदस्यीय विधानसभा के लिए चुनाव पांच फरवरी को होंगे और मतगणना आठ फरवरी को होगी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu