कश्मीर घाटी में लोकतंत्र फिर से जीवित हुआ, लोगों ने बिना दहशतगर्दी, आतंक के अपने प्रतिनिधि चुने: शाह

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 08 Oct 2024 07:38 PM
कश्मीर घाटी में लोकतंत्र फिर से जीवित हुआ, लोगों ने बिना दहशतगर्दी, आतंक के अपने प्रतिनिधि चुने: शाह

ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को सबसे अधिक मत प्रतिशत मिलने पर वहां की जनता का आभार जताते हुए मंगलवार को कहा कि कश्मीर घाटी में अब लोकतंत्र फिर से जीवित हुआ है, क्योंकि लोगों ने बिना दहशतगर्दी और आतंक के अपने प्रतिनिधि चुने हैं. उन्होंने इस ‘अभूतपूर्व बदलाव’ के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का भी आभार जताया और कहा कि उनके नेतृत्व में भाजपा जम्मू-कश्मीर के विकास और सुरक्षा के लिए संकल्पित है.

उन्होंने चुनाव परिणाम आने के बाद ‘एक्स’ पर सिलसिलेवार पोस्ट में कहा, ”जम्मू-कश्मीर को आतंकमुक्त बनाकर देश के अन्य हिस्सों की तरह इसे विकसित बनाना भाजपा की सर्वोच्च प्राथमिकता है.” शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने देश की जनता से वादा किया था कि भाजपा जम्मू-कश्मीर में शांतिपूर्ण और निष्पक्ष चुनाव करवाएगी.

उन्होंने कहा, ”मुझे अत्यंत हर्ष है कि 80 के दशक से आतंकवाद के आने के बाद पहली बार जम्मू-कश्मीर की जनता ने इतना पारदर्शी और शांतिपूर्ण चुनाव देखा और बढ़-चढ़कर चुनाव में हिस्सा लिया.” चुनावों के सफल और शांतिपूर्ण संचालन के लिए उन्होंने निर्वाचन आयोग, जम्मू-कश्मीर प्रशासन, सुरक्षा बलों और जम्मू-कश्मीर की जनता को बधाई दी.

उन्होंने कहा, ”कांग्रेस शासन में जिस जम्मू-कश्मीर में सिर्फ आतंक का राज था और हर दिन लोकतंत्र की हत्या होती थी, वहीं भाजपा शासन में लोकतंत्र का महापर्व पूरी शान और शांति से मनाया गया. जम्मू-कश्मीर की जनता को 1987 के विधानसभा चुनाव भी अच्छी तरह याद हैं, जब कांग्रेस ने खुलेआम धांधली कर लोकतंत्र का मजाक उड़ाया था.”

उन्होंने कहा, ”उसी कश्मीर घाटी में अब लोकतंत्र फिर से जीवित हुआ है. लोगों ने बिना दहशतगर्दी और आतंक के अपने प्रतिनिधि चुने. इस अभूतपूर्व बदलाव के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का हृदय से आभार.” शाह ने कहा कि जम्मू-कश्मीर की जनता ने भाजपा को इस विधानसभा चुनाव में सबसे अधिक मत प्रतिशत का आशीर्वाद दिया है और भाजपा को अब तक के इतिहास में सबसे अधिक सीटें दी हैं.

हरियाणा ने कांग्रेस की नकारात्मक और विभाजनकारी राजनीति को पूरी तरह नकारा: शाह

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को हरियाणा में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदर्शन को किसानों, गरीबों, पिछड़ों, जवानों और युवाओं का प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व पर अटूट विश्वास की जीत करार दिया और कहा कि राज्य की जनता ने जाति व क्षेत्र के आधार पर बांटने वाली कांग्रेस की नकारात्मक और विभाजनकारी राजनीति को पूरी तरह नकार दिया. भाजपा ने हरियाणा के इतिहास में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया और 48 सीट पर जीत दर्ज की. इससे पहले, भाजपा ने 2014 के विधानसभा चुनाव में 47 सीट जीतकर पहली बार अपने बूते हरियाणा में सरकार बनाई थी. साल 2019 के चुनाव में उसे 40 सीट मिली थी.

शाह ने ‘एक्स’ पर सिलसिलेवार पोस्ट में कहा, ”वीरभूमि हरियाणा की जनता को नमन. हरियाणा में भाजपा की यह प्रचंड जीत किसानों, गरीबों, पिछड़ों, जवानों और युवाओं का प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार में अटूट विश्वास की जीत है.” उन्होंने कहा, ”वीरभूमि की जनता ने जाति और क्षेत्र के आधार पर बांटने वाली कांग्रेस की नकारात्मक और विभाजनकारी राजनीति को पूरी तरह नकारते हुए भाजपा के 10 वर्षों के विकास और गरीब कल्याण के ट्रैक रिकॉर्ड को चुना है.” शाह ने कहा कि पहले लोकसभा चुनाव में और अब हरियाणा में, वोट हासिल करने के लिए ‘झूठे और हवाई वादे करने वाली कांग्रेस’ को जनता ने पूरी तरह से नकार दिया है और जमीन पर परिणाम देने वाली भाजपा के साथ जनता चट्टान की तरह खड़ी रही.

उन्होंने कहा, ”अपने वोट बैंक के लिए विदेश में जाकर देश का अपमान करने वालों को किसानों और जवानों की भूमि हरियाणा ने सबक सिखाया है.” उन्होंने कहा, ”चाहे केंद्र में लगातार तीसरी बार मोदी जी का चुनकर आना हो या हरियाणा, गुजरात, मध्य प्रदेश व अन्य राज्यों में बार-बार भाजपा सरकार का बनना, यह दर्शाता है कि भारतीय राजनीति में मोदी जी के नेतृत्व वाली भाजपा ने जिस प्रदर्शन की राजनीति के नए युग की शुरुआत की है, उसमें जनता का अटूट विश्वास है.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu