वंशवादी दल देश के लोकतंत्र के लिए खतरा: नड्डा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 06 Jun 2022 07:45 PM
वंशवादी दल देश के लोकतंत्र के लिए खतरा: नड्डा
ऑडियो सुनें

अमरावती/रांची. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा ने कहा है कि वंशवादी राजनीतिक दल देश के लोकतंत्र के लिए खतरा बन गए हैं. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने न केवल भारत के विकास की एक नई कहानी लिखी है, बल्कि पिछले आठ वर्षों में देश की राजनीतिक संस्कृति को भी बदल दिया है.

नड्डा ने सोमवार को विजयवाड़ा में भाजपा प्रदेश नेताओं की बैठक को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘भाजपा अब देश की एकमात्र राष्ट्रीय पार्टी है, जबकि कांग्रेस एक भाई-बहन के संगठन में सिमट गई है. भाजपा एकमात्र ऐसी पार्टी है जिसके पास नेता, नीति, नियत, कार्यक्रम, कार्यकर्ता और वातावरण है.’’ उन्होंने कहा, ‘‘नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व के कारण राजनीतिक संस्कृति और गुणवत्ता बदल गई है.

हम वंशवादी दलों से लड़ रहे हैं, जो देश के लोकतंत्र के लिए खतरा बन गए हैं.’’ नड्डा ने जम्मू कश्मीर नेशनल कॉन्फ्रेंस (नेकां), पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी), राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा), तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी), जनता दल (सेक्युलर), समाजवादी पार्टी (सपा) और अकाली दल जैसी पार्टियों का जिक्र करते हुए कहा, ‘‘चाहे वे जम्मू-कश्मीर, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक और पश्चिम बंगाल में हों … वहां या तो बाप-बेटे की पार्टी हैं या बाप-बेटी और बुआ-भतीजा की पार्टी हैं.’’ नड्डा ने दावा किया कि तथाकथित भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस न तो भारतीय है और न ही अब यह ‘राष्ट्रीय’ है क्योंकि यह एक भाई-बहन (राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाद्रा) पार्टी में सिमट गई है.

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने पिछले आठ वर्षों में भारत के विकास की एक नई कहानी लिखी है. उन्होंने कहा कि देश का सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) 112.33 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर 233 लाख करोड़ रुपये हो गया है. उन्होंने दावा किया कि भारत अब ऊर्जा खपत में दुनिया में तीसरे और वैश्विक खुदरा व्यापार विकास में दूसरे नंबर पर है.

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि पिछले वर्षों में गरीबी रेखा से नीचे रहने वाले लोगों का प्रतिशत 22 से घटकर 10 हो गया है, जबकि अधिकतम गरीबी रेखा के नीचे रहने वाले लोगों का प्रतिशत एक प्रतिशत से घटकर 0.8 प्रतिशत हो गया है. नड्डा ने आंध्र प्रदेश में भाजपा के सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं से केंद्र द्वारा लागू की जा रही योजनाओं का प्रचार करने का आह्वान किया.

नेट सेवी बनें, मोदी सरकार की योजनाओं से लोगों को अवगत करायें : नड्डा

भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने रविवार को पार्टी कार्यकर्ताओं को इंटरनेट की जानकारी रखने और नरेंद्र मोदी सरकार की उपलब्धियों के बारे में लोगों को जानकारी देने के लिए खुद को आंकड़ों से अवगत रखने को कहा. नड्डा के इस कदम को 2024 में होने वाले संसदीय और विधानसभा चुनाव की तैयारी के तौर पर देखा जा रहा है.

भाजपा अध्यक्ष ने यहां पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘आठ साल के सुशासन ने नई उम्मीद दी है. 2014 से पहले (जब मोदी पीएम बने) देश की राजनीतिक संस्कृति वंशवाद, तुष्टिकरण और वोट बैंक थी. लेकिन अब, यह विकास की राजनीति में बदल गयी है .’’ नड्डा ने दावा किया कि महामारी के बाद देश हर सेक्टर में एक बड़ी छलांग लगा रहा है. उन्होंने कहा कि इसमें निर्यात से लेकर जीएसटी संग्रह तक शामिल है .

उन्होंने कहा कि प्रति व्यक्ति आय जो पहले 79,000 रुपये थी और अब 1.5 लाख तक पहुंच गई है. भाजपा नेता ने कहा कि पहले केवल 6.5 करोड़ ब्रॉडबैंड कनेक्शन थे और अब यह आंकड़ा 78 करोड़ है. नड्डा ने दावा किया कि 70 वर्षों में, देश में केवल 6.37 लाख प्राथमिक विद्यालय बनाए गए, जबकि मोदी सरकार के आठ वर्षों के दौरान 6.53 लाख ऐसे स्कूल स्थापित किए गए. भाजपा अध्यक्ष ने पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुये केंद्र सरकार की उपलब्धियां गिनाई.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu