PM मोदी व सोनिया गांधी के खिलाफ टिप्पणी को लेकर EC ने प्रियंक खरगे व भाजपा नेता यतनाल को भेजा नोटिस

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 03 May 2023 09:11 PM
PM मोदी व सोनिया गांधी के खिलाफ टिप्पणी को लेकर EC ने प्रियंक खरगे व भाजपा नेता यतनाल को भेजा नोटिस
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. निर्वाचन आयोग ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ ‘नालायक’ शब्द का उपयोग करने संबंधी टिप्पणी को लेकर बुधवार को कांग्रेस नेता प्रियंक खरगे को एवं कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी को ‘‘विषकन्या’’ कहने को लेकर निर्वाचन आयोग ने बुधवार को भाजपा नेता बसनगौड़ा पाटिल यतनाल को नोटिस जारी किया.

निर्वाचन आयोग ने कांग्रेस नेता प्रियंक खरगे को नोटिस जारी कर कहा कि प्रथम दृष्टया यह आचार संहिता के प्रावधानों का उल्लंघन है. प्रियंक कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हैं और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के पुत्र हैं. नोटिस में निर्वाचन आयोग ने कहा कि वह (खरगे) चार मई शाम तक नोटिस का जवाब दें कि चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन को लेकर उनके खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं की जाए. भाजपा ने प्रधानमंत्री के खिलाफ अपशब्द को लेकर प्रियंक के खिलाफ आयोग के समक्ष शिकायत की थी.

उल्लेखनीय है कि कर्नाटक के पूर्व मंत्री प्रियंक खरगे ने पिछले दिनों प्रधानमंत्री को ‘नालायक’ कहा था. इससे कुछ दिनों पहले ही मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रधानमंत्री की तुलना ‘जहरीले सांप’ से की थी, हालांकि बाद में सफाई देते हुए कहा था कि उन्होंने भाजपा पर निशाना साधा था.

कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी को ‘‘विषकन्या’’ कहने को लेकर निर्वाचन आयोग ने बुधवार को भाजपा नेता बसनगौड़ा पाटिल यतनाल को नोटिस जारी किया. कर्नाटक में कोप्पल जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा जारी नोटिस में कहा गया है कि प्रथम दृष्टया यतनाल ने आदर्श आचार संहिता के प्रावधानों का उल्लंघन किया है. भाजपा के स्टार प्रचारक यतनाल को बृहस्पतिवार शाम तक नोटिस का जवाब देने को कहा गया है. आयोग ने मीडिया में आई खबरों के आधार पर उनकी टिप्पणियों का संज्ञान लिया है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu