ED, CBI ने सभी भ्रष्ट लोगों को एक पार्टी में ला दिया है : केजरीवाल

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 29 Mar 2023 09:14 PM
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को आरोप लगाया कि केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) और प्रवर्तन निदेशाालय (ईडी) के छापों ने सभी भ्रष्ट लोगों को ‘एक पार्टी’ में ला दिया है और जब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का शासन खत्म होगा तो देश भ्रष्टाचार मुक्त हो जाएगा. केजरीवाल ने दिल्ली विधानसभा में पेश किए गए विश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान यह बात कही. मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि भाजपा ने देश में लोकतंत्र को रौंदने का कोई मौका नहीं छोड़ा. यह प्रस्ताव केजरीवाल ने ही पेश किया था. उन्होंने कहा कि ईडी और सीबीआई ने सभी भ्रष्ट लोगों को एक पार्टी में ला दिया है.

आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक ने कहा, ‘‘सभी चोर, लुटेरे और भ्रष्टाचारी एक ही पार्टी में हैं. भाजपा की सरकार का शासन समाप्त होने के बाद उनके लोग जेल में होंगे, तो देश भ्रष्टाचार मुक्त हो जाएगा. ’’ केजरीवाल ने दावा किया कि उनकी पार्टी के विधायकों को सीबीआई और ईडी के छापे मारने की धमकी दी गई और 25 करोड़ रुपये की रिश्वत की पेशकश की गई.

मुख्यमंत्री ने अपने विधायकों को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘ आप में से हर एक व्यक्ति रत्न है. डरिए नहीं. भले ही आप जेल जाओ, मैं आपके परिवार की देखभाल करूंगा. दिल्ली विधानसभा के अंदर हुई घटनाओं ने आज लोकतंत्र के लिए एक सकारात्मक संदेश दिया है. ’’ केजरीवाल ने आरोप लगाया कि भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार विपक्षी दल की सरकारों को काम नहीं करने देती.

उन्होंने कहा, ‘‘ हम लोकतंत्र में विश्वास करते हैं, इसलिए हमने भाजपा के विधायकों को बोलने का मौका दिया. हालांकि, वे हमारी सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव नहीं ला सके. हमने उन्हें बोलने का मौका दिया. हम आलोचना का स्वागत करते हैं. लेकिन, ये लोग सिर्फ लड़ना और गाली देना जानते हैं. 2025 के विधानसभा चुनाव तो छोड़िए, दिल्ली में 2050 में भी भाजपा नहीं जीत सकती. ’’ केजरीवाल ने विधानसभा सत्र के बाद संवाददाताओं से कहा कि भाजपा ने घोषणा की थी कि यह अविश्वास प्रस्ताव होगा.

उन्होंने कहा, ‘‘ लेकिन, इस तरह के प्रस्ताव को पेश करने के लिए आपको कम से कम 20 फीसदी विधायकों के हस्ताक्षर चाहिए. ऐसा करने के लिए, उन्होंने हमारे विधायकों को डराने और धमकाने की कोशिश की. आम आदमी पार्टी के विधायकों को डरा कर और धमकी देकर नहीं तोड़ा जा सकता. ’’ दिल्ली के मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘ हमारा विश्वास प्रस्ताव प्रचंड बहुमत से जीत गया है. लोगों का हम पर अटूट विश्वास है. हम जनता के लिए काम कर रहे हैं, जो पिछले 75 वर्षों में नहीं हुआ. मैं इस भरोसे के लिए जनता को धन्यवाद देता हूं. हम कर्नाटक में चुनाव लड़ने जा रहे हैं और मुझे उम्मीद है कि हमें अच्छे परिणाम मिलेंगे. ’’

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu