विपक्षी एकजुटता के प्रयास हुए तेज, जल्द होगी विभिन्न दलों की बैठक

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 22 May 2023 08:58 PM
विपक्षी एकजुटता के प्रयास हुए तेज, जल्द होगी विभिन्न दलों की बैठक
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी से सोमवार को हुई मुलाकात के बाद विपक्षी एकजुटता के प्रयासों को उस वक्त बल मिला जब यह निर्णय लिया गया कि विपक्ष के विभिन्न दलों की जल्द बैठक बुलाई जाएगी.

बैठक की तिथि और स्थान के बारे में अगले एक-दो दिन में फैसला कर होगा. कांग्रेस ने कहा कि प्रस्तावित बैठक में विपक्ष के ज्यादातर दल शामिल होंगे. नीतीश कुमार के साथ बैठक के बाद खरगे ने कहा कि आज की बैठक में वर्तमान राजनीतिक स्थिति पर चर्चा की गई और देश को नयी दिशा देने की प्रक्रिया को आगे बढ.ाया गया.

उन्होंने ट्वीट किया, ”अब एकजुट होगा देश, ‘लोकतंत्र की मज.बूती’ ही हमारा संदेश! राहुल गांधी जी और मैंने आज बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी के साथ वर्तमान राजनीतिक स्थिति पर चर्चा कर, देश को एक नयी दिशा देने की प्रकिया को आगे बढ.ाया.” खरगे के आवास ’10 राजाजी मार्ग’ पर एक घंटे से अधिक समय तक चली मंत्रणा के दौरान, कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, जनता दल (यूनाइटेड) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह तथा बिहार सरकार के मंत्री संजय झा भी मौजूद थे.

बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव को भी बैठक में शामिल होना था. सूत्रों के अनुसार अस्वस्थ होने के चलते वह बैठक में शामिल नहीं हो सके. बैठक के बाद वेणुगोपाल ने संवाददाताओं से कहा, ”विपक्षी दलों की बैठक की तिथि और स्थान के बारे में अगले एक-दो दिन में निर्णय हो जाएगा. आज की बैठक में यह फैसला किया गया.” यह पूछे जाने पर कि कितने दल इस प्रस्तावित बैठक में शामिल होंगे, वेणुगोपाल ने कहा, ”ज्यादातर राजनीतिक दल इसमें शामिल होंगे.” पहले यह खबर आई थी कि विपक्षी दलों की बैठक बिहार की राजधानी पटना में हो सकती है.

इससे पहले, नीतीश कुमार ने गत 12 अप्रैल को भी कांग्रेस के शीर्ष नेताओं से मुलाकात कर विपक्षी एकजुटता को लेकर चर्चा की थी.
गत शनिवार को कर्नाटक में सिद्धरमैया और उनकी सरकार के मंत्रियों के शपथ ग्रहण समारोह में विपक्ष के कई प्रमुख नेता नजर आए थे और विपक्षी एकजुटता का संदेश देने का प्रयास किया गया था. आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर पिछले कुछ महीनों से खरगे और नीतीश कुमार विपक्षी एकजुटता का प्रयास कर रहे हैं. इस प्रयास के तहत खरगे कई विपक्षी नेताओं से मुलाकात कर चुके हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu