सूरत और इंदौर के चुनावी घटनाक्रम भाजपा के प्रति ”जनता का अगाध स्नेह” दर्शाते हैं : राजनाथ सिंह

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 30 Apr 2024 08:02 PM
सूरत और इंदौर के चुनावी घटनाक्रम भाजपा के प्रति ”जनता का अगाध स्नेह” दर्शाते हैं : राजनाथ सिंह
ऑडियो सुनें

इंदौर. सूरत और इंदौर के चुनावी घटनाक्रमों का हवाला देते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मंगलवार को कांग्रेस को ”डूबता जहाज” बताया और कहा कि ये वाकये भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रति जनता का अगाध स्नेह दर्शाते हैं. सिंह खंडवा लोकसभा सीट के निवर्तमान सांसद और भाजपा उम्मीदवार ज्ञानेश्वर पाटिल के समर्थन में मांधाता में चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे.

सिंह ने कहा,”इस बार लोकसभा चुनाव में करिश्मा हो गया. सूरत से भाजपा का प्रत्याशी निर्विरोध जीत गया और इंदौर में कांग्रेस प्रत्याशी ने पर्चा वापस लेकर भाजपा को समर्थन दे दिया. यह भाजपा के प्रति जनता के अगाध स्नेह को दर्शाता है जो लगातार बढ़ता जा रहा है.” उन्होंने कहा,”…लेकिन कांग्रेस के नेता कहते हैं कि ऐसी घटनाएं लोकतंत्र के लिए बहुत बड़ा खतरा हैं. आजाद भारत में कांग्रेस के प्रत्याशी 20 बार निर्विरोध चुने गए हैं. मैं कांग्रेस से पूछना चाहता हूं कि क्या तब लोकतंत्र के लिए खतरा पैदा नहीं हुआ था?” सिंह ने कहा कि कांग्रेस वह डूबता जहाज है जिसमें छेद हो चुका है और इस जहाज को डूबने से दुनिया की कोई भी ताकत रोक नहीं सकती.

इंदौर लोकसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार अक्षय कांति बम ने पार्टी को तगड़ा झटका देते हुए सोमवार (29 अप्रैल) को अपना नामांकन वापस ले लिया और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए. इससे पहले, भाजपा ने लोकसभा चुनाव में गुजरात की सूरत सीट से 22 अप्रैल को अपनी पहली जीत दर्ज की, जब कांग्रेस उम्मीदवार नीलेश कुंभानी का नामांकन गड़बड़ियों के कारण खारिज कर दिया गया और अन्य उम्मीदवार भी चुनावी दौड़ से बाहर हो गए. नतीजतन भाजपा उम्मीदवार मुकेश दलाल की चुनावी जीत सुनिश्चित हो गई.

रक्षा मंत्री ने कहा,”महात्मा गांधी ने कहा था कि देश की आजादी के बाद कांग्रेस को भंग कर देना चाहिए. लेकिन कांग्रेस नेताओं ने उनकी बात नहीं मानी. अब भारत की जनता गांधी के कहे मुताबिक कांग्रेस को समाप्त करने पर आमादा है.” उन्होंने कटाक्ष किया,”अगर आप 10 साल बाद किसी बच्चे से पूछेंगे कि क्या वह कांग्रेस को जानता है, तो वह कहेगा-कौन कांग्रेस? कांग्रेस की यह हालत हो गई है.” सिंह ने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के देश में ”संपत्ति के सर्वेक्षण” संबंधी बयान और इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के प्रमुख सैम पित्रोदा की ”विरासत कर” संबंधी टिप्पणी पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि ऐसे प्रस्ताव देश की जनता को मंजूर नहीं हैं और वैश्विक अर्थशा्त्रिरयों ने इन प्रस्तावों को ”बहुत खतरनाक खेल” बताया है.

रक्षा मंत्री ने यह भी कहा कि देश में लोकसभा और विधानसभा के चुनाव एक साथ कराना भाजपा का संकल्प है और ऐसा सुनिश्चित करने के लिए नियम-कायदों में जरूरी संशोधन किए जाएंगे. बाद में सिंह ने खरगोन लोकसभा क्षेत्र में निवर्तमान सांसद और भाजपा उम्मीदवार गजेंद्र सिंह पटेल के समर्थन में चुनावी सभा को संबोधित किया.

रक्षा मंत्री ने कहा कि कांग्रेस की सरकार ने जम्मू-कश्मीर को अनुच्छेद 370 के तहत विशेष राज्य का दर्जा दिया था जिससे वहां आरक्षण व्यवस्था लागू नहीं की जा सकी, आतंकवाद बढ़ता रहा और विकास ठप रहा. उन्होंने कहा,”जम्मू-कश्मीर भारत का हिस्सा है, लेकिन कांग्रेस नेताओं ने वहां सरेंडर (आत्मसमर्पण) कर दिया था.” रक्षा मंत्री ने कहा कि नरेन्द्र मोदी सरकार ने जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने का भाजपा का वादा निभाया. सिंह ने यह भी कहा कि कांग्रेस की सरकारें पार्टी के ”गरीबी हटाओ” के नारे के बावजूद देश से गरीबी हटाने में हमेशा नाकाम रहीं, जबकि मोदी सरकार ने अपने कार्यकाल के आठ सालों में ही 25 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकाल दिया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu