सूरत और इंदौर के घटनाक्रम से पता चलता है कि भाजपा नीत राजग 400 पार की ओर अग्रसर है: राजनाथ

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 02 May 2024 07:56 PM
सूरत और इंदौर के घटनाक्रम से पता चलता है कि भाजपा नीत राजग 400 पार की ओर अग्रसर है: राजनाथ
ऑडियो सुनें

छपरा. रक्षा मंत्री और पूर्व भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने बृहस्पतिवार को दावा किया कि सूरत और इंदौर का घटनाक्रम इस बात का संकेत है कि भाजपा नीत राजग लोकसभा में 400 से अधिक सीट के अपने लक्ष्य को हासिल करने की राह पर है. पूर्व भाजपा अध्यक्ष ने बिहार के सारण लोकसभा क्षेत्र में मौजूदा सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव प्रताप रूडी द्वारा अपना नामांकन पत्र दाखिल करने के तुरंत बाद आयोजित की गई एक रैली में यह टिप्पणी की .

सिंह ने कहा, ”सूरत ने भाजपा के विजय का श्री गणेश हो चुका है.” उनका इशारा भाजपा उम्मीदवार मुकेश दलाल के निर्विरोध निर्वाचित होने की ओर था, क्योंकि अधिकतर उम्मीदवार चुनाव मैदान से हट गए थे और बाकी के नामांकन पत्र जांच के दौरान खारिज कर दिए गए थे.

सिंह ने कहा, ”इंदौर में, कांग्रेस उम्मीदवार ने अपना नामांकन वापस लेकर भाजपा का समर्थन किया है .” उन्होंने कहा, ” सारे देश का जो माहौल दिख रहा है, उससे हमें लगता है कि हमलोगों ने जो 400 पार का लक्ष्य निर्धारित किया है, उसे प्राप्त करने में हम पूरी तरह से कामयाब होंगे. मेरा पक्का विश्वास है .” रक्षा मंत्री ने पड़ोसी देशों को यह एहसास दिलाने के लिए प्रधान मंत्री नरेन्द्र मोदी की सराहना की कि भारत अब कमजोर देश नहीं है, जिसके परिणामस्वरूप आतंकवादी हमलों में भारी गिरावट आई है.

उन्होंने कहा, ”अब पड़ोसी देश भी समझ चुके हैं कि भारत दुनिया का ताकतवर देश बन चुका है. आज हमारी इतनी ताकत है कि जरूरत पड़ी तो भारत अपनी सीमा के उस पार भी मार सकता है.” सिंह ने कहा, ” अब हम समय-समय पर आतंकवादी हमले नहीं देखते हैं जैसा कि पिछली कांग्रेस के नेतृत्व वाली संप्रग सरकार के दौरान हुआ था. यह सर्वविदित हो गया है कि जरूरत पड़ने पर हम सीमा पार भी जवाबी हमला कर सकते हैं.” उन्होंने कहा, ”मोदी के नेतृत्व में देश की प्रतिष्ठा विश्व स्तर पर बढ.ी है. भारत के साथ वह सम्मान किया जाता है जो पहले कभी नहीं देखा गया. जब मोदी ने भारतीय छात्रों की सुरक्षित वापसी के लिए रूस और यूक्रेन के राष्ट्रपतियों को फोन किया था, तो उन्होंने कुछ घंटों के लिए युद्ध रोक दिया था.”

सैम पित्रोदा का नाम लिए बिना पूर्व भाजपा अध्यक्ष ने कहा, ”विदेश में रहने वाले एक कांग्रेस नेता ने विरासत कर की वकालत की है जिसके कारण किसी व्यक्ति की मृत्यु के बाद उसकी आधी से अधिक संपत्ति छीन ली जाएगी. इस तरह के कदम से ऐसा माहौल बन सकता है जिससे निवेश पर असर पड़ेगा.” उन्होंने कहा, ”राजीव गांधी ने यह कहकर भ्रष्टाचार पर अपनी लाचारी दिखाई कि सरकार द्वारा खर्च किए गए प्रत्येक रुपये में से केवल 15 पैसे ही लोगों तक पहुंचते हैं. मनमोहन सिंह के कार्यकाल में केंद्रीय मंत्रियों को भी भ्रष्टाचार के आरोप में जेल जाना पड़ा था. लेकिन जब भी भाजपा सत्ता में रही है, चाहे वह वाजपेयी का समय हो या मोदी का, किसी भी मंत्री पर भ्रष्टाचार का आरोप नहीं लगा है.”

सिंह ने कहा, ”मुझे पूरा विश्वास है कि इस चुनाव में भी आप सभी का समर्थन प्राप्त होगा और सारे विपक्षी दलों को हमारे रूडी जी हवा में उड़ा देंगे.” तीसरी बार अपनी इस सीट बरकरार रखने की कोशिश में जुटे रूडी को राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद की बेटी रोहिणी आचार्य इसबार चुनौती मिल रही है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu