सुपर फोर पर नजरें, श्रीलंका को हराने के इराद से उतरेगा अफगानिस्तान..

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Mon, 04 Sep 2023 02:13 PM
सुपर फोर पर नजरें, श्रीलंका को हराने के इराद से उतरेगा अफगानिस्तान..
ऑडियो सुनें

लाहौर: अफगानिस्तान को एशिया कप सुपर फोर की दौड़ में अपना दावा पुख्ता करने के लिये श्रीलंका के खिलाफ गेंदबाजी में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा। बांग्लादेश से हारने के बाद अफगानिस्तान के लिये यह ‘करो या मरो’ का मुकाबला है। उसे ग्रुप बी में शीर्ष दो में रहने के लिये बड़े अंतर से जीत दर्ज करनी होगी।

रविवार की रात को मिली हार के बाद अफगानिस्तान का रनरेट नेगेटिव में है जबकि पहले मैच में बांग्लादेश को हराने वाली श्रीलंका का रनरेट पॉजिटिव 0.951 है। अफगानिस्तान के खिलाफ 300 से अधिक रन बनाने के बाद बांग्लादेश का रनरेट काफी बेहतर है और उसका सुपर फोर में जाना लगभग तय हे।

गद्दाफी स्टेडियम पर यह दूसरा मैच है और इसमें भी रनों का अंबार लगने की उम्मीद है। तेज गेंदबाजों के अभाव में अफगानिस्तान की गेंदबाजी का दारोमदार स्पिनर राशिद खान और मुजीब जदरान पर है। राशिद को एक भी विकेट नहीं मिल सका और उनकी टीम को श्रीलंका के खिलाफ उनसे बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद होगी।

अफगानिस्तान की फींिल्डग में भी काफी सुधार की जरूरत है। उनके लिये हालांकि सलामी बल्लेबाज रहमानुल्लाह गुरबाज और इब्राहिम जदरान का फॉर्म अच्छा संकेत है। दूसरी ओर श्रीलंका को उम्मीद होगी कि बांग्लादेश के खिलाफ नाकाम रहा उनका शीर्षक्रम तेजी से रन बनाये।

तीन चोटिल तेज गेंदबाजों की गैर मौजूदगी में युवा मथीषा पथिराना ने पहले मैच में चार विकेट लिये और एक बार फिर उस प्रदर्शन को दोहराना चाहेंगे। बांग्लादेश के खिलाफ नयी गेंद संभालने वाले पथिराना को फिर यह जिम्मेदारी दी जा सकती है।

अफगान कप्तान हशमतुल्लाह शाहिदी ने रविवार की हार के बाद कहा था ,‘‘ हमें सभी विभागों में सुधार करना होगा । हमारी गेंदबाजी अच्छी नहीं थी और ना ही क्षेत्ररक्षण। लाहौर हमारे देश के पास है लिहाजा हमारे प्रशंसक इसका इंतजार कर रहे होंगे । उम्मीद है कि वे अगले मैच में हमारी हौसलाअफजाई के लिये आयेंगे।’’

अफगानिस्तान: हशमतुल्लाह शाहिदी (कप्तान), इब्राहिम जादरान, इकराम अलीखिल, नजीबुल्लाह जादरान, रहमानुल्लाह गुरबाज, रियाज हसन, गुलबदीन नायब, करीम जनत, मोहम्मद नबी, रहमत शाह, राशिद खान, शराफुद्दीन अशरफ, अब्दुल रहमान, फजलहक फारूकी, मोहम्मद सलीम, मुजीब उर रहमान, नूर अहमद।

श्रीलंका: दासुन शनाका (कप्तान), पाथुम निसांका, दिमुथ करूणारत्ने, कुसाल परेरा, कुसाल मेंंिडस (उप कप्तान), चरिथ असालंका, धनंजय डि सिल्वा, सादीरा समरविक्रमा, महीश तीक्ष्णा, दुनिथ वेलांगे, मथीषा पथिराना, कासुन रजीता, दुशान हेमंता, बिनुरा फर्नांडो, प्रमोद मदुशान।

मैच दोपहर तीन बजे से शुरू होगा।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav