अभिनेता रणवीर सिंह के ‘डीपफेक’ वीडियो का प्रसार करने वाले सोशल मीडिया हैंडल के खिलाफ प्राथमिकी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 22 Apr 2024 07:32 PM
अभिनेता रणवीर सिंह के ‘डीपफेक’ वीडियो का प्रसार करने वाले सोशल मीडिया हैंडल के खिलाफ प्राथमिकी
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. अभिनेता रणवीर सिंह के ‘डीपफेक’ वीडियो का प्रसार करने वाले सोशल मीडिया हैंडल के खिलाफ एक प्राथमिकी दर्ज कराई गई है. उनके प्रवक्ता ने सोमवार को यह जानकारी दी. पिछले सप्ताह, सिंह का एक वीडियो इंटरनेट पर वायरल हुआ था जिसमें उन्हें अपना राजनीतिक विचार प्रकट करते देखा जा सकता था. मूल ‘क्लिप’ एक साक्षात्कार का हिस्सा है जो उन्होंने फैशन शो के लिए वाराणसी में दिया था. ऐसा लगता है कि कृत्रिम मेधा (एआई) प्रौद्योगिकी का इस्तेमाल कर मूल ‘क्लिप’ में छेड़छाड़ की गई है. अभिनेता के प्रवक्ता के अनुसार, सिंह ने पुलिस में एक शिकायत दायर की थी और आगे की जांच के लिए साइबर अपराध प्रकोष्ठ ने प्राथमिकी दर्ज की है.

प्रवक्ता ने बयान में कहा, ”हमने पुलिस में शिकायत दायर की और कृत्रिम मेधा प्रौद्योगिकी का इस्तेमाल कर तैयार किये गए रणवीर सिंह के ‘डीपफेक’ वीडियो का प्रसार करने वाले हैंडल के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है.” वीडियो के वायरल होने के शीघ्र बाद, अभिनेता ने ‘एक्स’ पर चेतावनी देते हुए पोस्ट किया था, ”डीपफेक से बचो दोस्तों.” एक अधिकारी ने बताया कि सिंह से पहले, एआई प्रौद्योगिकी से संपादित की गई अभिनेता आमिर खान की एक ‘क्लिप’ भी सोशल मीडिया पर वायरल हुई थी. खान के ‘डीपफेक’ वीडियो के सिलसिले में मुंबई पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ एक प्राथमिकी दर्ज की थी. उस वीडियो में खान को एक राजनीतिक दल का कथित तौर पर प्रचार करते देखा जा सकता था.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu