नेपाल में दुर्घटनाग्रस्त हुए विमान में सवार थे पांच भारतीय

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 15 Jan 2023 08:22 PM
ऑडियो सुनें

काठमांडू/नयी दिल्ली.  नेपाल में रविवार सुबह हुए विमान हादसे में जिन पांच भारतीय नागरिकों के मारे जाने की आशंका है, उनमें से चार पर्यटन केंद्र पोखरा में पैराग्लाइडिंग गतिविधियों में हिस्सा लेने की योजना बना रहे थे. एक स्थानीय नागरिक ने यह जानकारी दी.

यति एअरलाइन का एक विमान रविवार सुबह मध्य नेपाल के पोखरा शहर में हाल में शुरू हुए हवाई अड्डे पर उतरने के दौरान नदी घाटी में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था. विमान में पांच भारतीयों सहित 72 लोग सवार थे. इस हादसे में विमान में सवार कम से कम 68 लोगों की मौत हो गई.

यति एअरलाइन के एक अधिकारी ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त विमान में सवार पांचों भारतीयों की पहचान अभिषेक कुशवाहा (25), विशाल शर्मा (22), अनिल कुमार राजभर (27), सोनू जायसवाल (35) और संजय जायसवाल (35) के रूप में हुई है. इनमें से सोनू जायसवाल उत्तर प्रदेश के वाराणसी का रहने वाला था. इन पांचों भारतीयों में से चार शुक्रवार को ही भारत से काठमांडू पहुंचे थे.

दक्षिणी नेपाल के सरलाही जिला निवासी अजय कुमार शाह ने बताया, ‘‘विमान में सवार चार भारतीय झीलों के शहर पोखरा में पैराग्लाइडिंग का लुत्फ उठाने की योजना बना रहे थे.’’ उन्होंने कहा, ‘‘हम एक ही वाहन में सवार होकर भारत से काठमांडू आए थे. पोखरा जाने से पहले वे पशुपतिनाथ मंदिर के पास गौशाला और फिर होटल डिस्कवरी आॅफ थामेल में रुके थे. उनकी गोरखपुर के रास्ते पोखरा से भारत लौटने की योजना थी.’’ इस बीच, विदेश मंत्री एस जयशंकर ने विमान दुर्घटना पर दुख जताया और कहा कि उनकी संवेदनाएं प्रभावित परिवारों के साथ हैं.

जयशंकर ने ट्वीट किया, ‘‘नेपाल के पोखरा में विमान दुर्घटना के बारे में सुनकर गहरा दुख हुआ. हमारी संवेदनाएं प्रभावित परिवारों के साथ हैं.’’ वहीं, नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने नेपाल में विमान हादसे में लोगों की मौत पर शोक व्यक्त किया और इसे ‘बेहद दुर्भाग्यपूर्ण’ घटना बताया.

नेपाल के पोखरा में विमान दुर्घटना के बारे में सुनकर गहरा दुख हुआ : जयशंकर
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने रविवार को नेपाल के पोखरा में हुए विमान हादसे पर दुख जताते हुए प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं.  जयशंकर ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘नेपाल के पोखरा में हुए विमान हादसे के बारे में सुनकर गहरा दुख हुआ. हमारी संवेदनाएं प्रभावित परिवारों के साथ हैं.’’

नेपाल में विमान दुर्घटना में लोगों की मौत अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण : सिंधिया

नागर विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने रविवार को नेपाल में विमान दुर्घटना में लोगों की मौत पर शोक व्यक्त किया.
सिंधिया ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘नेपाल में दुखद विमान दुर्घटना में लोगों की मौत बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है. मेरे विचार और प्रार्थनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं. ओम शांति.’’

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu