बठिंडा सैन्य स्टेशन पर गोलीबारी में चार सैनिक मारे गये, पुलिस ने कहा ‘‘आपसी गोलीबारी’’ की घटना

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 12 Apr 2023 08:53 PM
बठिंडा सैन्य स्टेशन पर गोलीबारी में चार सैनिक मारे गये, पुलिस ने कहा ‘‘आपसी गोलीबारी’’ की घटना
ऑडियो सुनें

बठिंडा/नयी दिल्ली. पंजाब के बठिंडा में सैन्य स्टेशन पर बुधवार तड़के हुई गोलीबारी में चार सैनिकों की मौत हो गई. वहीं, अपने सैन्य समकक्षों के साथ पूरे प्रकरण की जांच कर रही राज्य पुलिस ने बताया कि अब तक की जानकारी के मुताबिक यह घटना कोई आतंकवादी घटना नहीं थी. जानकारी के मुताबिक घटना बुधवार तड़के लगभग चार बजकर 30 मिनट पर मेस के पीछे मौजूद बैरक के पास हुई और उस समय चारों सैनिक सो रहे थे जिनकी उम्र 24 से 25 साल के बीच थी.

सेना ने बताया था कि गोलीबारी की घटना के बाद त्वरित प्रतिक्रिया दल तत्काल सक्रिय हो गए और उन्होंने इलाके की घेराबंदी की.
जानकारी के मुताबिक सेनाध्यक्ष जनरल मनोज पांडे ने रक्षा मंत्री राजनाथ ंिसह को पूरे मामले की जानकारी दी है. पुलिस जांच टीम का नेतृत्व कर रहे बठिंडा के पुलिस अधीक्षक (डिटेक्टिव) अजय गांधी ने संवाददाताओं को बताया कि घटनास्थल से इंसास राइफल की गोलियों के 19 खोखे मिले हैं. गांधी ने सेना के एक जवान के हवाले से बताया कि सादे कपड़ों में आए दो लोगों ने गोलीबारी की.

उन्होंने बताया कि घटना में मारे गए जवानों की पहचान सागर बन्नी (25), कमलेश आर.(24), योगेश कुमार जे.(24) और संतोष एम नागराल (25) के तौर पर की गई है. गांधी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है और सेना इलाके में घेराबंदी कर तलाशी अभियान चला रही है. पुलिस अधिकारी ने हालांकि, कहा कि अब तक यह जानकारी नहीं मिली है कि किसने गोली चलाई है और मामले की जांच की जा रही है.

गांधी ने कहा, ‘‘हम सेना पुलिस के साथ संयुक्त रूप से मामले की जांच कर रहे हैं.’’ इससे पहले सेना की दक्षिण पश्चिमी कमान ने एक बयान जारी कर कहा, ‘‘ इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना में सेना के चार जवानों की जान चली गई. किसी अन्य के घायल होने या संपत्ति को किसी तरह के नुकसान की कोई खबर नहीं है.’’ बयान के अनुसार, दो दिन पहले एक इंसास राइफल और उसकी 28 गोलियां गुम होने के साथ साथ, मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है.

गांधी से पूछा गया कि क्या यह मामला आपसी गोलीबारी का हो सकता है तो उन्होंने कहा, ‘‘जांच जारी है.’’ बठिंडा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गुलनीत ंिसह खुराना ने बुधवार शाम को पत्रकारों से कहा, ‘‘अब तक जो हमने जानकारी एकत्रित की है, उससे स्पष्ट है कि यह आतंकवाद का मामला नहीं है.’’

इससे पहले उन्होंने घटना का संदर्भ देते हुए कहा था, ‘‘यह एक आंतरिक मामला है, यह आपस में हुई गोलीबारी का मामला प्रतीत होता है. हमारे जांच दल सभी फॉरेंसिक उपकरणों के साथ (सैन्य स्टेशन) अंदर पहुंच गए हैं. जांच की जा रही है.’’ जब यह पूछा गया कि क्या इस संबंध का दो पहले गायब हुई राइफल से हो सकता है तो गांधी ने कहा, ‘‘हम जांच कर रहे हैं कि घटना का संबंध उससे है या नहीं.’’ बठिंडा छावनी पुलिस थाने के थाना प्रभारी गुरदीप ंिसह ने बताया कि मामले में अब तक किसी को हिरासत में नहीं लिया गया है. जब उनसे पूछा गया कि किसने गोलीबारी की तो उन्होंने कहा कि अभी उनके पास इस संबंध में कोई सूचना नहीं है.

जब पूछा गया कि क्या इस मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई है तो थाना प्रभारी ने कहा, ‘‘हम मामले में प्राथमिकी दर्ज करेंगे.’’ जब उनसे पूछा गया कि राइफल गुम होने की खबर पुलिस को कब दी गई तो उन्होंने बताया कि मंगलवार शाम को इसकी सूचना दी गई थी.
सेना ने कहा कि इलाके को सील कर दिया है और मामले के तथ्यों का पता लगाने के लिए पंजाब पुलिस के साथ मिलकर संयुक्त जांच की जा रही है.

बठिंडा सैन्य ठिकाने से गुम इंसास राइफल मिली

बठिंडा सैन्य ठिकाने से गुम हुई एक इंसास राइफल बरामद कर ली गयी है जिसके बारे में आशंका है कि बुधवार तड़के सेना के चार जवानों को मारने में इसका इस्तेमाल किया गया. सेना ने यह जानकारी दी. सेना ने घटना से संबंधित परिस्थितियों और अन्य विवरणों का उल्लेख किए बिना एक बयान में कहा कि सैन्य अड्डे पर तड़के लगभग 4.35 बजे गोलीबारी की घटना में तोपखाना इकाई के चार सैनिक मारे गए.

सेना के सूत्रों ने बताया कि पुलिस बल के सहयोग से जारी जांच के अलावा ‘कोर्ट आॅफ इंक्वायरी’ (सीओआई) से पूरी घटना की छानबीन की जायेगी. शुरुआत में पुलिस ने संकेत दिया कि यह जवानों के बीच आपस में हुई गोलीबारी की घटना है. हालांकि सैन्य सूत्रों ने कहा कि घटना के बारे में अब तक विवरण स्पष्ट नहीं हैं.

सेना की दक्षिण पश्चिमी कमान ने एक बयान में कहा, ‘‘यह पता चला है कि इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना में, तोपखाना इकाई के चार जवानों की घटना के दौरान गोली लगने से जान चली गई. किसी अन्य के घायल होने या संपत्ति के नुकसान की कोई सूचना नहीं है.’’ सेना ने कहा कि घटनास्थल को सील कर दिया गया है और मामले के तथ्यों का पता लगाने के लिए पंजाब पुलिस के साथ संयुक्त जांच की जा रही है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu