गडकरी ने भाजपा सम्मेलन में कंगना की फिल्म ‘इमरजेंसी’ की तारीफ की

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 12 Jan 2025 08:33 PM
गडकरी ने भाजपा सम्मेलन में कंगना की फिल्म ‘इमरजेंसी’ की तारीफ की
ऑडियो सुनें

मुंबई. महाराष्ट्र के शिरडी में आयोजित हो रहे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सम्मेलन में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने रविवार को अभिनेत्री कंगना रनौत की फिल्म ‘इमरजेंसी’ की तारीफ की. भाजपा सांसद एवं अभिनेत्री रनौत ने एक दिन पहले नागपुर में गडकरी के लिए फिल्म ‘इमरजेंसी’ की ‘विशेष स्क्रीनिंग’ का आयोजन किया.

गडकरी ने शिरडी में भाजपा पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा, ”यह एक खूबसूरत फिल्म है, जो दिखाती है कि आपातकाल कैसे और कब लगाया गया था तथा उस समय हमारे कार्यकर्ताओं को किस तरह संघर्ष करना पड़ा था.” उन्होंने कहा, ”आंतरिक सुरक्षा अधिनियम के तहत कई लोगों को जेल भेजा गया और उन्हें बहुत कष्ट सहना पड़ा. जनसंघ के खत्म होने का अनुमान लगाया गया, लेकिन हमने इसके उलट साबित कर दिया.”

भाजपा सांसद कंगना रनौत द्वारा निर्देशित फिल्म ”इमरजेंसी” में अभिनेता अनुपम खेर भी नजर आएंगे. विवादों में घिरी रही यह फिल्म 17 जनवरी को सिनेमाघरों में रिलीज होगी. फिल्म ‘इमरजेंसी’ की कहानी पूर्व प्रधानमंत्री दिवंगत इंदिरा गांधी के द्वारा उनके प्रधानमंत्री काल के दौरान 1975 से 1977 तक लगाए गए 21 महीने के आपातकाल पर आधारित है.

गडकरी ने शनिवार को नागपुर में फिल्म देखी जिसमें रनौत पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की भूमिका में हैं. गडकरी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में लोगों से फिल्म देखने का आग्रह किया. उन्होंने लिखा, ”आज नागपुर में कंगना रनौत जी और श्री अनुपम खेर जी की फिल्म इमरजेंसी की विशेष स्क्रीनिंग में शामिल हुआ. मैं फिल्म निर्माताओं और अभिनेताओं को हमारे देश के इतिहास के काले अध्याय को इतनी प्रामाणिकता व उत्कृष्टता के साथ प्रस्तुत करने के लिए हार्दिक धन्यवाद देता हूं.” रनौत ने ‘एक्स’ पर गडकरी की पोस्ट को शेयर करके आभार व्यक्त किया. उन्होंने लिखा, ”अपना कीमती समय देने लिए बहुत-बहुत धन्यवाद सर.” ‘इमरजेंसी’ में जयप्रकाश नारायण की भूमिका निभा रहे खेर ने कहा कि फिल्म की पहली विशेष स्क्रीनिंग को मिली प्रतिक्रिया ‘उत्साहजनक’ है.

उन्होंने कहा, “मैंने भी पहली बार पूरी फिल्म देखी. बेहतरीन! दुनिया को, खासकर युवा भारतीय पीढ़ी को, कई कारणों से इसे देखना चाहिए.ह्व फिल्म में श्रेयस तलपड़े ने युवा अटल बिहारी वाजपेयी, मिलिंद सोमन ने फील्ड मार्शल सैम मानेकशॉ, महिमा चौधरी ने पुपुल जयकर और सतीश कौशिक ने जगजीवन राम की भूमिका निभाई है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu