गिरिराज ने चिदंबरम पर आतंकवादियों के पक्ष में बोलने का आरोप लगाया

नयी दिल्ली. केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने बृहस्पतिवार को कांग्रेस नेता पी. चिदंबरम के ”देश के भीतर पनपे आतंकवादियों” संबंधी बयान को लेकर आतंकियों के पक्ष में बोलने का उन पर आरोप लगाया. पूर्व केंद्रीय मंत्री चिदंबरम ने बुधवार को ”देश के भीतर पनपे आतंकवादियों” का जिक्र करते हुए कहा था कि सरकार की चुप्पी इसलिए है क्योंकि उसे उनके बारे में पता है.

चिदंबरम ने ‘एक्स’ पर किये पोस्ट में दिल्ली विस्फोट का जिक्र नहीं किया, लेकिन यह सवाल किया कि क्यों और किन परिस्थितियों में भारतीय नागरिक आतंकवादी बन रहे हैं. इस पर, तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए गिरिराज सिंह ने चिदंबरम की टिप्पणियों का मजाक उड़ाया और उन पर आतंकवादियों के समर्थन में बोलने का आरोप लगाया.

केंद्रीय मंत्री ने ‘पीटीआई वीडियो’ से कहा, ”वह (चिदंबरम) आतंकवादियों का समर्थन कर रहे हैं. ‘छी, छी’.” उन्होंने कहा, ”आपने सारी हदें पार कर दी हैं. आपने (तत्कालीन प्रधानमंत्री) मनमोहन सिंह का धर्म भी छीन लिया. (आप) आतंकवादी यासीन मलिक को उनके साथ बिठाने के लिए लाए.” वरिष्ठ भाजपा नेता ने कांग्रेस पर भी निशाना साधा और आरोप लगाया कि देश इस सबसे पुरानी पार्टी की

तुष्टिकरण की राजनीति के कारण आतंकवाद की समस्या का सामना कर रहा है. सिंह ने कहा, ”आपको (चिदंबरम) याद रखना चाहिए कि (जवाहरलाल) नेहरू से लेकर मनमोहन सिंह तक, यह आपका ही योगदान है. यह तुष्टिकरण का नतीजा है.” भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता नलिन कोहली ने भी कांग्रेस पर निशाना साधा और चिदंबरम पर आतंकी घटना पर राजनीतिक विमर्श ग­ढ़ने की कोशिश करने का आरोप लगाया.

उन्होंने कहा कि इस तरह के बयान और ”आतंकवादियों को पीड़ित दिखाने” की कोशिशें असल में उन लोगों के साथ अन्याय करती हैं जिन्होंने आतंकवाद का दंश झेला है, जैसा कि दिल्ली बम विस्फोट मामले में हुआ. कोहली ने कहा, ”इसलिए, ये विमर्श बदलने या राजनीति पर आधारित विमर्श ग­ढ़ने के बहाने हैं. हमें इससे बचना चाहिए.” भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में केवल दो पक्ष हैं – ”जो आतंकवाद के साथ हैं और जो आतंकवाद के खिलाफ हैं.” उन्होंने कहा, ”बीच का कोई रास्ता नहीं है.”

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button