पुलवामा हमले पर सत्यपाल मलिक के आरोपों से ध्यान भटकाने का प्रयास कर रही सरकार : कांग्रेस

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 16 Apr 2023 08:30 PM
पुलवामा हमले पर सत्यपाल मलिक के आरोपों से ध्यान भटकाने का प्रयास कर रही सरकार : कांग्रेस
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली/श्रीनगर. कांग्रेस ने रविवार को आरोप लगाया कि केंद्र सरकार 2019 के पुलवामा हमले को लेकर जम्मू-कश्मीर के पूर्व राज्यपाल सत्यपाल मलिक के आरोपों से ध्यान भटकाने का प्रयास कर रही है. कांग्रेस ने कहा कि सरकार मलिक के खुलासों से संबंधित ‘‘खबरों को दबाने’’ की कोशिश कर रही है.

माफिया अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ की हत्या के मामले का स्पष्ट संदर्भ देते हुए कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने ट्विटर पर आरोप लगाया कि ‘‘मोदी मशीन’’ ने या तो ‘‘खुलासों’’ को दबा दिया है या अन्य सुर्खियों और टीवी बहस के जरिये ध्यान हटा दिया है. कांग्रेस के मीडिया विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने भी रविवार को सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि सुर्खियों के जरिये ध्यान भटकाने से सवाल गायब नहीं हो जाते.

उन्होंने कहा, ‘‘केवल प्रश्न बढ़ रहे हैं. चीन को क्लीनचिट क्यों? अडाणी पर जेपीसी क्यों नहीं? अडाणी की मुखौटा कंपनियों में कहां से आए 20 हजार करोड़ रुपये? पुलवामा पर कोई जवाब क्यों नहीं?’’ कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और सांसद शशि थरूर ने मलिक द्वारा पुलवामा हमले को लेकर किए गए ‘‘खुलासे’’ का सारांश देते हुए ट्वीट कर आरोप लगाया कि मीडिया द्वारा इस खबर को तरजीह नहीं दी गई.

थरूर ने कहा कि मलिक के ‘‘खुलासे’’ राष्ट्रीय सुरक्षा के मामलों से संबंधित थे, जो राष्ट्र के लिए ंिचता का विषय होना चाहिए.
कांग्रेस ने जम्मू-कश्मीर के पूर्व राज्यपाल सत्यपाल मलिक के दावों के बाद शनिवार को कहा था कि सरकार को बताना चाहिए कि 2019 के पुलवामा हमले की जांच का नतीजा क्या निकला और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के जवानों को जाने के लिए विमान की सुविधा क्यों मुहैया नहीं कराई गई थी.

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने आरोप लगाया था कि भाजपा की सरकार ‘न्यूनतम शासन, अधिकतम चुप्पी’ पर अमल कर रही है. उन्होंने कहा था कि सरकार को जम्मू-कश्मीर के पूर्व राज्यपाल सत्यपाल मलिक द्वारा एक साक्षात्कार में किए गए खुलासों पर टिप्पणी करनी चाहिए.

मोदी को पुलवामा हमले को लेकर माफी मांगनी चाहिए: कांग्रेस की जम्मू कश्मीर इकाई के प्रमुख वानी

कांग्रेस की जम्मू कश्मीर इकाई के अध्यक्ष वकार रसूल वानी ने रविवार को कहा कि प्रधानमंत्री एवं सरकार को ‘‘पुलवामा हमले के लिए जिम्मेदार चूक’’ को लेकर देश से माफी मांगनी चाहिए. कांग्रेस के दर्जनभर से अधिक कार्यकर्ताओं के साथ वानी लेथपुरा गये और उन्होंने सीआरपीएफ के उन जवानों को श्रद्धांजलि दी, जो फरवरी, 2019 में आतंकवादी हमले में मारे गये थे.

उन्होंने कहा, ‘‘ यह वही जगह है, जहां विस्फोट में सीआरपीएफ के 40 जवानों की जान चली गयी थी. आज पूरे देश की आंखों में आंसू है, क्योंकि पूर्व राज्यपाल सत्यपाल मलिक ने खुलासा किया है कि सरकार ने उन्हें (इन जवानों को) जाने के लिए विमान नहीं दिया था. यदि विमान दिया गया होता, तो इन जवानों को जान नहीं गंवानी पड़ती.’’ वानी ने लेथपुरा में संवाददाताओं से कहा, ‘‘ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री, रक्षा मंत्री एवं पूरे देश को उस चूक के लिए देश से माफी मांगनी चाहिए, जिसकी वजह से पुलवामा में विस्फोट हुआ और सीआरपीएफ के 40 जवानों की जान चली गयी.’’

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu