अक्टूबर में जीएसटी संग्रह 13 प्रतिशत बढ़कर 1.72 लाख करोड़ रुपये पर

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 01 Nov 2023 07:32 PM
अक्टूबर में जीएसटी संग्रह 13 प्रतिशत बढ़कर 1.72 लाख करोड़ रुपये पर
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. माल एवं सेवा कर (जीएसटी) संग्रह अक्टूबर में सालाना आधार पर 13 प्रतिशत बढ़कर 1.72 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया. यह जीएसटी संग्रह का दूसरा सबसे ऊंचा मासिक आंकड़ा है. वित्त मंत्रालय ने बुधवार को यह जानकारी दी. पिछले साल अक्टूबर में जीएसटी संग्रह 1.52 लाख करोड़ रुपये रहा था.

मंत्रालय ने बयान में कहा, ”अक्टूबर, 2023 के लिए जीएसटी राजस्व अप्रैल, 2023 के बाद दूसरा सबसे ऊंचा आंकड़ा है. अप्रैल, 2023 में जीएसटी संग्रह 1.87 लाख करोड़ रुपये रहा था, जबकि सितंबर में यह 1.63 लाख करोड़ रुपये था.” वित्त वर्ष 2023-24 में औसत मासिक जीएसटी संग्रह 1.66 लाख करोड़ रुपये रहा है. यह पिछले साल की तुलना में 11 प्रतिशत अधिक है. इक्रा की मुख्य अर्थशास्त्री अदिति नायर ने कहा कि पिछले महीने के लेनदेन से संबंधित तिमाही अंत के समायोजन और अर्थव्यवस्था की रफ्तार से जीएसटी संग्रह बढ़ा है.

नायर ने कहा, “इसके साथ, अक्टूबर 2023 में साल-दर-साल वृद्धि की गति 10 महीने के उच्चतम स्तर पर पहुंच गई, जो उत्साहजनक है. वर्तमान में, हमारा अनुमान है कि केंद्रीय जीएसटी (सीजीएसटी) संग्रह चालू वित्त वर्ष के बजट अनुमान से थोड़ा अधिक होगा.” अक्टूबर, 2023 में कुल जीएसटी राजस्व 1,72,003 करोड़ रुपये रहा है. इसमें 30,062 करोड़ रुपये केंद्रीय जीएसटी, 38,171 करोड़ रुपये राज्य जीएसटी है, 91,315 करोड़ रुपये (माल आयात पर एकत्र 42,127 करोड़ रुपये सहित) एकीकृत जीएसटी है और 12,456 करोड़ रुपये (वस्तुओं के आयात पर एकत्र 1,294 करोड़ रुपये सहित) उपकर है.

सरकार ने आईजीएसटी में सीजीएसटी के 42,873 करोड़ रुपये और एसजीएसटी के 36,614 करोड़ रुपये का निपटान किया है.
नियमित निपटान के बाद अक्टूबर में केंद्र और राज्यों का कुल राजस्व सीजीएसटी के लिए 72,934 करोड़ रुपये और एसजीएसटी के लिए 74,785 करोड़ रुपये है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu