करीब 71,000 युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपा जाना ‘ऊंट के मुंह में जीरा’: खरगे

नयी दिल्ली. कांग्रेस ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा सरकारी विभागों और संगठनों में 71,000 के करीब युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे जाने को ‘ऊंट के मुंह में जीरा’ बताया और उनसे पूछा कि उन 16 करोड़ नौकरियों का क्या हुआ, जो उन्होंने आठ वर्ष में देने का वादा किया था.

प्रधानमंत्री को हर साल दो करोड़ नौकरियां देने के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के चुनावी वादे की याद दिलाते हुए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि आज भी सरकारी विभागों में 30 लाख पद भी खाली पड़े हैं. खरगे ने ट्वीट किया, ‘‘नरेंद्र मोदी जी, सरकारी विभागों में 30 लाख पद खाली हैं. आज आप जो 71,000 भर्ती पत्र बांट रहे हैं, वो केवल ‘ऊंट के मुंह में जीरा है.’ खाली पद भरने की प्रक्रिया है. आपने तो सालाना दो करोड़ नयी नौकरियां देने का वादा किया था. युवाओं को बताइए – आठ साल की 16 करोड़ नयी नौकरियां कहां हैं.’’

इससे पहले, प्रधानमंत्री मोदी ने सरकारी विभागों और संगठनों में नवनियुक्­त करीब 71,426 कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र सौंपे और कहा कि रोजगार मेले उनकी सरकार की पहचान बन गए हैं तथा भर्ती प्रक्रिया सुव्यवस्थित व पारदर्शी हुई है. प्रधानमंत्री ने 10 लाख र्किमयों के लिए भर्ती अभियान ‘रोजगार मेला’ के तहत वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से ये नियुक्ति पत्र सौंपे. उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम साफ दर्शाता है कि उनकी सरकार जो संकल्प लेती है, उसे पूरा करके भी दिखाती है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button