भारी बारिश से नागपुर के कई इलाकों में बाढ़,180 लोगों को सुरक्षित निकाला गया…

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Sat, 23 Sep 2023 01:47 PM
भारी बारिश से नागपुर के कई इलाकों में बाढ़,180 लोगों को सुरक्षित निकाला गया…
ऑडियो सुनें

नागपुर: महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेन्द्र फड़णवीस ने शनिवार को कहा कि भारी बारिश की वजह से नागपुर शहर के कई हिस्सों में बाढ़ आ गई, जिसके बाद सुनने और बोलने में अक्षम 40 छात्रों सहित 180 लोगों को वहां से सुरक्षित निकाला गया।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) और राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) बाढ़ प्रभावित इलाकों से लोगों को सुरक्षित निकाल रहे हैं। उन्होंने कहा कि सेना की दो इकाई अंबाझरी इलाके में पहुंच रही हैं। यहां एक झील उफान पर है।

शहर में शुक्रवार आधी रात से मूसलाधार बारिश शुरू हुई। मौसम विभाग ने बताया कि नागपुर हवाई अड्डे पर सुबह साढ़े पांच बजे तक 106 मिमी बारिश दर्ज की गई। अधिकारियों ने बताया कि भारी बारिश की वजह से कई सड़कें और आवासीय इलाके जलमग्न हो गये, जिसकी वजह से प्रशासन ने एहतियातन स्कूल-कॉलेजों में छुट्टी घोषित कर दी है।

फड़णवीस ने शनिवार सुबह सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा कि वह शहर में बारिश की स्थिति पर लगातार नजर रख रहे हैं। वह नागपुर से विधायक हैं। सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर उनके कार्यालय ने लिखा, “लगातार बारिश की वजह से अंबाझरी झील उफान पर है। जिससे इसके आसपास के निचले इलाके सबसे ज्यादा प्रभावित हुए हैं तथा शहर के अन्य हिस्सों पर भी इसका असर हुआ है।”

कार्यालय ने कहा कि उपमुख्यमंत्री ने नागपुर के जिलाधिकारी, नगर निगम आयुक्त और पुलिस आयुक्त को “कुछ स्थानों पर फंसे लोगों को वहां से निकालने के लिये तुरंत कई टीमों को सक्रिय करने” का निर्देश दिया है।
फड़णवीस ने बाद में ‘एक्स’ पर कहा कि एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की दो-दो इकाईयों ने 140 लोगों को बाढ़ प्रभावित इलाकों से सुरक्षित निकाला ,उन्होंने सुनने और बोलने में अक्षम 40 स्कूली छात्रों को भी वहां से निकाला।

उन्होंने कहा कि बचाव कार्य में अग्मिशमन विभाग भी लगा है। उपमुख्यमंत्री ने लोगों से किसी भी अफवाह पर विश्वास न करने की अपील की। वहीं, नागपुर नगर निगम ने लोगों को सलाह दी कि जब तक जरूरी न हो वे अपने घरों से बाहर न निकलें। इसमें कहा गया है कि लगातार बारिश की वजह से शहर की कई सड़कें जलमग्न हो गयी हैं।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के नागपुर केंद्र ने कहा कि नागपुर, भंडारा और गोंदिया जिलों में अलग-अलग स्थानों पर “गरज के साथ तेज हवा चलने तथा इन इलाकों में अलग-अलग स्थानों पर तेज बारिश होने की संभावना है।”

विभाग ने बताया कि वर्धा के कई स्थानों और चंद्रपुर, भंडारा और गोंदिया जिलों के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश तथा अमरावती, यवतमाल और गढ़चिरौली में अलग-अलग स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav