हांगकांग: मूसलाधार बारिश से सड़कों और सब-वे स्टेशन में पानी भरने के कारण स्कूल बंद

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Fri, 08 Sep 2023 01:49 PM
हांगकांग: मूसलाधार बारिश से सड़कों और सब-वे स्टेशन में पानी भरने के कारण स्कूल बंद
ऑडियो सुनें

हांगकांग: हांगकांग में रात भर हुई मूसलाधार बारिश के बाद शहर के कुछ हिस्सों की सड़कें तथा भूमिगत सब-वे स्टेशन के जलमग्न हो जाने के कारण शुक्रवार को यहां के स्कूलों को बंद कर दिया गया तथा स्टॉक एक्सचेंज भी बंद रहा।
शहर में बृहस्पतिवार रात से भारी बारिश हो रही है, सरकार ने चेतावनी दी है कि बारिश का यह सिलसिला शुक्रवार दोपहर तक चलेगा।

हांगकांग वेधशाला ने कहा कि बृहस्पतिवार रात 11 बजे से आधी रात के बीच 158.1 मिमी (6.2 इंच) बारिश दर्ज की गई, जो 1884 के रिकार्ड बारिश से अधिक है। हांगकांग में बृहस्पतिवार की रात को “काली” बारिश (मूसलाधार बारिश) की चेतावनी जारी की गई थी और यह शुक्रवार सुबह भी जारी रही। अधिकारियों ने बाहर रह रहे स्थानीय लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने को कहा।

शहर में हुई मूसलाधार बारिश के बाद कई वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहे हैं, एक वीडियो में भूमिगत सब-वे स्टेशन में पानी भरा हुआ तथा स्टेशन की सीढि़यों और एस्केलेटर पर पानी बहता दिख रहा है। एक अन्य वीडियो में शहर की क्रॉस-हार्बर सुरंग सहित बाढ़ वाली सड़कों पर कीचड़ में फंसी कारें नजर आ रही हैं।

बारिश के कारण सड़कों के जलमग्न हो जाने से शहर की अधिकांश बस सेवाएं निलंबित कर दी गई हैं। यहां के सब-वे नेटवर्क के कुछ हिस्से भी बारिश से प्रभावित हुए हैं। अधिकारियों ने घोषणा की कि दिन के वक्त कक्षाएं निलंबित कर दी गईं हैं। उन्होंने गैर-आवश्यक सेवाओं से जुड़े कर्मचारियों से अपने कार्यस्थलों पर न जाने का आग्रह किया।

शुक्रवार तड़के एक सरकारी बयान में कहा गया कि शहर के अधिकांश हिस्सों में भीषण बाढ़ को लेकर हांगकांग के नेता जॉन ली “बहुत ंिचतित” थे, और उन्होंने सभी विभागों को “हर संभव मदद करने” का निर्देश दिया है। हांगकांग स्टॉक एक्सचेंज शुक्रवार को सुबह के कारोबार के लिए नहीं खुला और यदि “काली” बारिश की चेतावनी दोपहर 12 बजे तक जारी रहती है तो यह दोपहर में भी बंद रहेगा।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav