फ्लोरिडा के पश्चिमी तट पर पहुंचा ‘इडालिया’ तूफान, श्रेणी तीन में बदला

सेडार की (अमेरिका). तूफान ‘इडालिया’ बुधवार को खतरनाक श्रेणी 3 के तूफान के रूप में फ्लोरिडा के पश्चिमी तट पर पहुंचा.
कुछ स्थानों पर तूफान से समुद्र में लहरें 15 फुट तक ऊंची उठी. इडालिया की वजह से क्षेत्र में भारी बारिश हुई है और जन-जीवन प्रभावित हुआ है. कई इलाकों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया है.

तूफान बिग बेंड क्षेत्र में तट से टकराया. इस क्षेत्र में उतनी सघन आबादी नहीं है. इडालिया के मेक्सिको की खाड़ी में मजबूत होने और भारी बारिश एवं बाढ़ की आशंकाओं के बीच फ्लोरिडा के संवेदनशील तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों को अपना सामान बांधने और क्षेत्र छोड़ने का आदेश जारी किया गया.

गवर्नर रोन डे सेनटिस ने बुधवार सुबह संवाददाता सम्मेलन में कहा, ”लोगों को अनावश्यक रूप से अपने जीवन को जोखिम में नहीं डालना चाहिए. तूफान प्रचंड रूप धारण कर सकता है.” तल्हासी में राष्ट्रीय मौसम सेवा ने इडालिया को ”एक अभूतपूर्व घटना” करार दिया, क्योंकि ज्ञात इतिहास में कोई भी बड़ा तूफान बिग बेंड से सटी खाड़ी से होकर नहीं गुजरा है. पिछले साल आए ईयान तूफान से मची तबाही से निपट रहे फ्लोरिडा को इडालिया से और बड़ा झटका लगने की आशंका है. इडालिया ने मंगलवार को दोपहर तक श्रेणी-2 के तूफान का रूप ले लिया था और बुधवार तड़के यह श्रेणी-3 के तूफान में बदल गया. तूफान को पांच श्रेणी में मापा जाता है जिसमें पांचवी श्रेणी सबसे शक्तिशाली है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button