मां पर दबाव बनाऊंगा कि वह धरती की सबसे सुंदर जगह वायनाड में कुछ दिन गुजारें: राहुल गांधी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 15 Apr 2024 09:14 PM
मां पर दबाव बनाऊंगा कि वह धरती की सबसे सुंदर जगह वायनाड में कुछ दिन गुजारें: राहुल गांधी
ऑडियो सुनें

वायनाड/उधगमंडलम/सुल्तान बाथरी. कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने सोमवार को यहां चुनाव प्रचार के दौरान वायनाड को धरती की सबसे सुंदर जगह करार देते हुए कहा कि वह अपनी मां सोनिया गांधी पर दबाव बनाएंगे कि वह यहां आकर लोगों के बीच कुछ दिन बिताएं. जिले के सुल्तान बाथरी में एक रोड शो में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेता ने कहा कि जब भी वह वायनाड आते हैं, तो उन्हें ऐसा लगता है जैसे वह घर आ रहे हैं.

लोकसभा की वायनाड सीट से दोबारा चुनाव लड़ रहे राहुल ने कहा, ”अब मैं अपनी मां पर दबाव बनाऊंगा कि वह एक सप्ताह या 10 दिन के लिए आपके (वायनाड के लोगों) साथ रहें. मैं उनसे एक महीने के लिए आने के लिए कहूंगा, लेकिन उन्हें आर्द्रता से थोड़ी समस्या है. लेकिन मैंने उनसे कहा कि आप धरती की सबसे खूबसूरत जगह जाने से चूक गई हैं.” वायनाड में भले ही राहुल गांधी के पक्ष में चुनाव प्रचार करने के लिए उनकी बहन प्रियंका गांधी वाद्रा यहां कुछ बार आयी हों किंतु उनकी मां एवं पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी यहां चुनाव प्रचार के लिए नहीं आयी हैं.

गांधी ने जिले में चिकित्सा महाविद्यालय के अभाव को लेकर राज्य की मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) नीत ‘एलडीएफ’ सरकार की आलोचना की. राहुल ने कहा कि उन्होंने मुख्यमंत्री पिनराई विजयन को पत्र लिखकर इसकी मांग की थी, लेकिन राज्य सरकार एक के बाद एक बहाना बनाकर इसमें देरी कर रही है. कांग्रेस नेता ने कहा कि उन्हें समझ नहीं आता कि राज्य सरकार के लिए वायनाड में चिकित्सा महाविद्यालय बनवाना इतना मुश्किल क्यों है.

गांधी ने वायनाड के लोगों द्वारा सामना किए जा रहे अन्य स्थानीय मुद्दों जैसे मानव-पशु संघर्ष और रात्रि यात्रा पर प्रतिबंध का भी उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि ये दोनों मुद्दे जटिल हैं, लेकिन कांग्रेस यह सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है कि इनका समाधान किया जाए. कांग्रेस नेता आज चुनाव प्रचार के लिए यहां दूसरी बार आये. उन्होंने इस महीने की शुरुआत में वायनाड में अपना नामांकन पत्र दाखिल करने के बाद विशाल रोड शो करके चुनाव अभियान की शुरुआत की थी.

भाजपा के चुनावी घोषणापत्र में गरीबों के लिए कुछ नहीं : राहुल गांधी
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सोमवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के चुनावी घोषणापत्र में गरीबों के लिए कुछ नहीं है लेकिन बातें 2036 का ओलंपिक आयोजित कराने की हो रही हैं. राहुल ने नीलगिरी जिले में अपने दौरे के दौरान केंद्र की सत्तारूढ. पार्टी पर आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ के अपने एजेंडे को आगे बढ.ा रही है. केरल के वायनाड के लिए प्रस्थान करने से पहले यहां थलूर में कॉलेज के विद्यार्थियों के साथ बातचीत के दौरान राहुल ने पूछा, ” गरीबों के लिए भाजपा की क्या नीति है?” उन्होंने कहा कि कांग्रेस के घोषणापत्र में युवाओं और महिलाओं सहित सभी तबके के लोगों के लिए नीतियां हैं. राहुल ने कहा, ”लेकिन भाजपा का चुनावी घोषणापत्र 2036 में ओलंपिक कराने की बातें करता है.”

भारत में केवल एक ही नेता हो, भाजपा का यह विचार अपमानजनक है : राहुल गांधी

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने सोमवार को केंद्र में सत्तारूढ. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर ‘देश में एक नेता’ का विचार थोपने का आरोप लगाया और कहा कि यह देश के लोगों का ‘अपमान’ है. वायनाड से सांसद राहुल ने कहा, ”भारत फूलों के गुलदस्ते की तरह है और हर एक का सम्मान किया जाना चाहिए क्योंकि यह पूरे गुलदस्ते की सुंदरता को बढ.ाता है.”

उन्होंने कहा, ”भारत में केवल एक ही नेता होना चाहिए, यह विचार प्रत्येक युवा भारतीय का अपमान है.” राहुल अपने चुनाव अभियान के तहत एक रोडशो करने के बाद वायनाड निर्वाचन क्षेत्र में पार्टी कार्यकर्ताओं और मतदाताओं को संबोधित कर रहे थे. उन्होंने सवाल किया कि भारत में एक से अधिक नेता क्यों नहीं हो सकते? राहुल ने दावा किया कि यही विचारधारा कांग्रेस और भाजपा के बीच का मुख्य अंतर है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस देश के लोगों की बात सुनना चाहती है और उनकी आस्था, भाषा, धर्म, संस्कृति से प्यार व उनका सम्मान करना चाहती है. राहुल ने आरोप लगाया कि भाजपा ऊपर से कुछ थोपना चाहती है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu