अगर कोई भारत की तरफ आंख उठाने की जुर्रत करेगा तो उसे मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा: राजनाथ सिंह

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 05 Feb 2024 10:27 PM
अगर कोई भारत की तरफ आंख उठाने की जुर्रत करेगा तो उसे मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा: राजनाथ सिंह
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सोमवार को कहा कि भारत अब कमजोर नहीं, बल्कि ताकतवर बन गया है तथा अगर कोई आंख उठाकर देखने की जुर्रत करेगा तो उसे मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा. उन्होंने राष्ट्रपति के अभिभाषण पर लोकसभा में लाए गए धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी की टिप्पणी के बाद सदन में यह बयान दिया. चर्चा में भाग लेते हुए चौधरी ने कहा कि अभिभाषण में देश की सुरक्षा का कोई उल्लेख नहीं किया गया.

उन्होंने सवाल किया कि लद्दाख में वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) पर पूर्व की यथास्थिति की बहाली का क्या हुआ? कांग्रेस नेता ने दावा किया कि अरुणाचल प्रदेश से लेकर लद्दाख तक हाल बुरा है. उन्होंने आरोप लगाया कि इस सरकार में चीन से संबंधित नीति लगातार विफल रही है. इस पर हस्तक्षेप करते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) के संदर्भ में चौधरी ने जो भी कुछ कहा है कि वह उससे असहमति व्यक्त करते हैं.

सिंह ने कहा, ”मैं सदन को आश्वस्त करना चाहता हूं कि भारत अब कमजोर भारत नहीं है. भारत अब ताकतवर भारत बन गया है. अगर कोई आंख उठाकर देखने की जुर्रत करेगा तो भारत मुंहतोड़ जवाब देगा. संसद के पटल पर देश को बदनाम नहीं किया जाना चाहिए.” सिंह ने कहा, ”अगर कांग्रेस की सरकार भी होती तो हमारी पार्टी देश के मान-सम्मान के साथ खड़ी रही है और खड़ी रहती.” उन्होंने कहा कि वह चौधरी की इस बात की निंदा करते हैं.

केंद्रीय पृथ्वी विज्ञान मंत्री किरेन रिजीजू ने चौधरी पर निशाना साधते हुए कहा, ”चीन ने जितनी भूमि पर कब्जा किया है, वो कांग्रेस के शासन के समय किया है. मोदी जी के शासनकाल में एक इंच भी जमीन पर कब्जा नहीं हुआ है.” उन्होंने दावा किया कि पाकिस्तान, चीन और कांग्रेस की भाषा एक जैसी हो गई है.

भारत की सीमा सुरक्षा को लेकर कोई समझौता नहीं: शाह
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को कहा कि सरकार सभी देशों के साथ मैत्रीपूर्ण संबंध चाहती है, लेकिन वह भारत की सीमा और अपने लोगों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं करेगी. शाह ने यह भी कहा कि मोदी सरकार ने अपने दस साल के शासनकाल में आंतरिक सुरक्षा के लिहाज से तीन महत्वपूर्ण क्षेत्रों जम्मू-कश्मीर, पूर्वोत्तर और वामपंथी उग्रवाद प्रभावित इलाकों पर सफलतापूर्वक नियंत्रण पा लिया है.

उन्होंने यहां ‘सिक्योरिटी बियॉन्ड टुमॉरो: फोर्जिंग इंडियाज रेजिलिएंट फ्यूचर’ विषय पर एक संवाद कार्यक्रम में भाग लेते हुए कहा, “हमारी बा’ एवं आंतरिक नीति स्पष्ट है. हम अन्य देशों के साथ मैत्रीपूर्ण संबंध चाहते हैं. लेकिन देश की सीमा और लोगों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा.” शाह ने कहा कि अन्य देशों ने सरकार की इस नीति का सम्मान किया है. उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों ने तुष्टिकरण की नीति के कारण आंतरिक सुरक्षा संबंधी कई समस्याएं पैदा कीं.

शाह ने कहा कि देश की आंतरिक सुरक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण तीन क्षेत्रों जम्मू-कश्मीर, पूर्वोत्तर और वामपंथी उग्रवाद प्रभावित इलाकों में पिछली सरकार की गलत नीतियों के कारण स्थिति खराब हुई थी. उन्होंने कहा, “मोदी सरकार ने इन क्षेत्रों पर सफलतापूर्वक नियंत्रण पा लिया और ये क्षेत्र अब भारत की विकास यात्रा का हिस्सा हैं.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu