‘मोदी-शाह सरकार’ फिर से सत्ता में आयी तो लोकतंत्र समाप्त हो जाएगा: खरगे

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 21 Apr 2024 09:10 PM
‘मोदी-शाह सरकार’ फिर से सत्ता में आयी तो लोकतंत्र समाप्त हो जाएगा: खरगे
ऑडियो सुनें

सतना. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) पर निशाना साधते हुए रविवार को दावा किया कि यदि ”मोदी-शाह सरकार” फिर से सत्ता में आयी, तो देश में लोकतंत्र खत्म हो जाएगा.
खरगे ने मध्य प्रदेश के सतना में एक जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह पर निशाना साधते हुए दावा किया कि वे संविधान को भी खत्म कर देंगे.

उन्होंने मतदाताओं से अपील करते हुए कहा, ”वे बाबासाहब भीमराव आंबेडकर द्वारा बनाये संविधान को खत्म कर देंगे. यदि आप इसे (संविधान को) तथा महिलाओं, मजदूरों और किसानों के वोट देने का अधिकार बरकरार रखना चाहते हैं, तो कांग्रेस और उसके ‘पंजा’ (हाथ) चुनाव चिह्न को वोट दें.” पार्टी के एक नेता ने पहले कहा था कि कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी सतना में रैली को संबोधित करने वाले थे, लेकिन उनकी तबीयत खराब होने के कारण उनका दौरा रद्द कर दिया गया. उन्होंने कहा कि गांधी की जगह खरगे रैली को संबोधित करेंगे. सतना लोकसभा सीट पर दूसरे चरण में 26 अप्रैल को मतदान होगा.

खरगे ने कांग्रेस उम्मीदवार सिद्धार्थ कुशवाहा के समर्थन में जनसभा को संबोधित करते हुए दावा किया, ”यदि मोदी-शाह की सरकार फिर से सत्ता में आयी, तो लोकतंत्र खत्म हो जाएगा.” प्रधानमंत्री मोदी पर झूठ बोलने का आरोप लगाते हुए खरगे ने कहा कि प्रधानमंत्री अपनी पार्टी का नाम लिये बिना ‘मोदी की गारंटी’ की बात करते रहते हैं. उन्होंने कहा, ”उन्होंने (मोदी) कहा था कि अगर वह प्रधानमंत्री बने तो विदेशों में जमा काला धन वापस लाकर प्रत्येक व्यक्ति को 15 लाख रुपये दिये जायेंगे. क्या आपको वह मिल गया.”

खरगे ने प्रधानमंत्री की आलोचना करते हुए कहा कि मोदी ने इस देश के युवाओं से यह भी कहा था कि हर साल दो करोड़ नौकरियां पैदा होंगी. उन्होंने कहा, ”अब 10 साल बीत गए हैं. क्या आप सभी को 20 करोड़ नौकरियां मिलीं… भाजपा से उनके 20 करोड़ नौकरियों (वादे) के बारे में पूछें. जब वे आपसे वोट मांगने आएं तो उनसे पूछें कि 15 लाख रुपये कहां हैं.” खरगे ने कहा कि मोदी ने किसानों की आय दोगुनी करने का वादा किया था, लेकिन वह भी नहीं हुआ.

वर्ष 2014 से पहले जब कांग्रेस के नेतृत्व वाला संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सत्ता में था, तब रसोई गैस सिलेंडर, दूध, आटा और दालों की कीमतों का उल्लेख करते हुए खरगे ने कहा कि पिछले दस वर्षों में इन वस्तुओं की दरें आसमान छू रही हैं. खरगे ने कहा, ”ये हैं मोदी के अच्छे दिन. ये आदमी हमेशा कहता है कि मैं अच्छे दिन लाऊंगा. वह बहुत झूठ बोलते हैं. इसलिए मैं उन्हें ‘झूठों का सरदार’ कहता हूं.” उन्होंने कहा कि देश की बेरोजगारी दर पिछले 45 साल में सबसे ज्यादा है, लेकिन इसका कोई हिसाब-किताब नहीं है.

खरगे ने यह भी दावा किया कि देश के हवाईअड्डे, सड़कें, जमीन, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम और बड़े कारखाने जैसी संपत्तियां “दो खरीदारों” को बेची जा रही हैं. उन्होंने कहा, ”ये दोनों आदमी कौन हैं? अडाणी और अंबानी खरीदार हैं. विक्रेता कौन हैं? मोदी और शाह.” उन्होंने कहा कि अमीर लोगों का 16 लाख करोड़ रुपये का कर्ज माफ कर दिया गया है, लेकिन गरीब किसानों का कर्ज अभी तक माफ नहीं किया गया है. पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और सोनिया गांधी के नेतृत्व में 72,000 करोड़ रुपये का कृषि ऋण माफ किया गया था.

खरगे ने उन लोगों को भाजपा में शामिल करने के लिए प्रधानमंत्री मोदी और केंद्रीय मंत्री शाह की भी आलोचना की, जो तब तक “भ्रष्ट” थे, जब तक वे दूसरे दलों में थे. कांग्रेस नेता ने दावा किया कि ऐसा लगता है कि शाह के पास “भ्रष्ट लोगों को भाजपा में शामिल करने से पहले धोने के लिए वॉशिंग मशीन के साथ एक बड़ी लॉण्ड्री” है. लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण में 26 अप्रैल को सतना के अलावा रीवा, टीकमगढ़, खजुराहो, दमोह और होशंगाबाद सीट पर मतदान होगा.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu