वैवाहिक विवाद में व्यक्ति ने पत्नी समेत कई लोगों पर पेट्रोल छिड़क आग लगाई, चार की मौत

कुड्डालोर. तमिलनाडु के कुड्डालोर जिले के सेलनकुप्पम इलाके में वैवाहिक विवाद में बुधवार को एक व्यक्ति ने रिश्तेदार के घर में मौजूद पत्नी समेत अन्य लोगों पर पेट्रोल छिड़क कर आग लगा दी. इस आगजनी में व्यक्ति, दो बच्चों समेत चार लोगों की मौत हो गई जबकि दो अन्य झुलस गए. पुलिस ने यह जानकारी दी.

निरीक्षक आर. बालासुब्रमण्यम ने संवाददाताओं को बताया कि पीड़ितों की पहचान सथगुरु, तमिलरसी (48), उसकी आठ महीने की बच्ची और पड़ोस में रहने वाली दो साल की बच्ची के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार धनलक्ष्मी अपने पति सथगुरु के साथ लगातार झगड़े के बाद एक साल पहले कुड्डालोर में अपनी बहन तमिलरसी के यहां आ गई थी. सथगुरु बुधवार को तमिलरसी के घर में एक पेट्रोल की कैन लेकर पहुंचा और उसने वहां मौजूद सभी व्यक्तियों पर ज्वलनशील पदार्थ उड़ेल दिया. उसने खुद पर भी पेट्रोल छिड़क लिया. इसके बाद सथगुरु ने आग लगा दी.

पुलिस ने कहा कि तमिलरसी, उसका बच्चा, सथगुरु और एक अन्य बच्चे की जलने से मौत हो गई, जबकि धनलक्ष्मी और एक स्थानीय निवासी प्रकाश को 50 प्रतिशत जलने के साथ कुड्डालोर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया. कुड्डालोर ओल्ड टाउन पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच की जा रही है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button