भारत का लक्ष्य दुनिया का प्रमुख सेमीकंडक्टर आपूर्तिकर्ता बनने का: वैष्णव

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 19 Jan 2023 06:47 PM
ऑडियो सुनें

दावोस. वैश्विक सेमीकंडक्टर बाजार में भारी अवसरों के दोहन के लिए दुनिया में प्रमुख आपूर्तिकर्ता बनने की महत्वाकांक्षी योजना बनाई है. केंद्रीय दूरसंचार मंत्री अश्विन वैष्णव ने बृहस्पतिवार को बताया कि केंद्र सरकार ने इसके लिए 10 अरब डॉलर का निवेश किया है.

विश्व आर्थिक मंच-2023 की वार्षिक बैठक में ‘सेमीकंडक्टर आपूर्ति में झटकों से सबक’ पर आयोजित सत्र पर मंत्री ने कहा कि सेमीकंडक्टर की मांग वाला बाजार बहुत बड़ा है और अवसंरचना, प्रतिभा और प्रौद्योगिकी को देखते हुए भारत में काफी संभावनाएं हैं.
उन्होंने कहा, ‘‘बड़ी संख्या में प्रतिभाएं तैयार कर रहा हमारा विश्वविद्यालय तंत्र हमारी काफी मदद कर रहा है क्योंकि हमने प्रतिभा को सही दिशा में तराशने के लिए कई विश्वविद्यालयों से अनुबंध किया है.’’ सरकार की अपनी निवेश योजनाओं के बारे में पूछने पर उन्होंने कहा कि सरकार खुद इसमें 10 अरब डॉलर लगा रही है और उसने एक लंबी कार्ययोजना तैयार की है.

उन्होंने आगे कहा, ‘‘हम भारत में नवीनतम जरूरतें मिलाकर भी दुनियाभर का प्रमुख सेमीकंडक्टर आपूर्तिकर्ता बनने में काफी संभावनाएं देखते हैं. (इलेक्ट्रिक वाहनों और अन्य अत्याधुनिक प्रौद्योगिकियों में भी इसका उपयोग होता है.) हमें भरोसा है कि मांग काफी ऊंची रहने वाली है.’’ उन्होंने आगे कहा, ‘‘वृद्धि दर में भारी तेजी आने की उम्मीद के बीच यह उद्योग अगले छह-सात साल में दोगुना होकर 1,000 अरब डॉलर का होने वाला है.’’ वैष्णव ने यह भी कहा कि सरकार पर्यावरण पर भी सोच रही है और यह सुनिश्चित करेगी कि नए कारखानों में हरित ऊर्जा की आपूर्ति हो.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu