नयी दिल्ली/डिब्रूगढ़. भारत ने गृह मंत्री अमित शाह की अरुणाचल प्रदेश यात्रा पर चीन की आपत्तियों को खारिज सिरे से खारिज करते हुए मंगलवार को कहा कि यह राज्य भारत का हमेशा अभिन्न और अटूट हिस्सा था और हमेशा रहेगा. विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अंिरदम बागची ने कहा कि ऐसी यात्राओं पर आपत्ति जताने का कोई कारण नहीं है और ऐसा करने से वास्तविकता बदल नहीं जायेगी.
बागची ने कहा, ‘‘ हम चीनी अधिकारियों की टिप्पणियों को सिरे से खारिज करते हैं. भारतीय नेता उसी तरह से नियमित रूप से अरूणाचल प्रदेश की यात्रा करते हैं, जैसे वे भारत के किसी दूसरे राज्य की करते हैं.’’ उन्होंने कहा, ‘‘ अरूणाचल प्रदेश हमेशा भारत का अभिन्न और अटूट हिस्सा था और हमेशा रहेगा. ऐसी यात्राओं पर आपत्ति करने का कोई कारण नहीं है और ऐसा करने से वास्तविकता बदल नहीं जायेगी.’’ बागची ने शाह की अरूणाचल प्रदेश की यात्रा पर मीडिया के सवालों पर प्रतिक्रिया में यह बात कही.
गौरतलब है कि अरुणाचल प्रदेश के सीमावर्ती गांव किबिथू में ‘वाइब्रेंट विलेज’ कार्यक्रम की शुरूआत करते हुए सोमवार को गृह मंत्री अमित शाह ने चीन को स्पष्ट संदेश देते हुए कहा था कि वह युग चला गया जब भारत की सीमावर्ती भूमि पर कोई भी अतिक्रमण कर सकता था. उन्होंने कहा कि अब कोई इसकी क्षेत्रीय अखंडता पर बुरी नजर डालने का दुस्साहस नहीं कर सकता.
उन्होंने कहा था कि थलसेना और भारत तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के पराक्रम ने सुनिश्चित किया है कि कोई भी भारत की सुई की नोंक भर भूमि तक का अतिक्रमण नहीं कर सकता. वहीं, चीन ने सोमवार को गृह मंत्री अमित शाह के अरुणाचल प्रदेश के दौरे की आलोचना करते हुए कहा था कि इससे उस क्षेत्र पर चीनी संप्रभुता का उल्लंघन हुआ है.
पिछले सप्ताह, भारत ने कुछ स्थानों का चीन द्वारा पुन: नामकरण करने को सिरे से खारिज करते हुए दोहराया था कि यह राज्य भारत का अभिन्न हिस्सा है और ‘मनगढ़ंत’ नाम रखने से जमीनी हकीकत बदल नहीं जायेगी. विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अंिरदम बागची ने कहा था कि ऐसा पहली बार नहीं है कि चीन ने ऐसा प्रयास किया हो और ‘‘हम पहले की तरह इसे खारिज करते हैं.’’
उन्होंने कहा था कि अरुणाचल प्रदेश हमेशा से भारत का अभिन्न और अटूट हिस्सा था, है और रहेगा तथा ‘मनगढ़ंत’ गए नाम रखने से यह हकीकत बदल नहीं जायेगी. चीनी मंत्रालय द्वारा अरुणाचल प्रदेश के लिए जारी मानकीकृत भौगोलिक नामों की यह तीसरी सूची है. अरुणाचल में छह स्थानों के मानकीकृत नामों की पहली सूची 2017 में और 15 स्थानों की दूसरी सूची 2021 में जारी की गई थी.
अगले लोकसभा चुनावों में 300 से अधिक सीट जीत कर भाजपा लगातार तीसरी बार सरकार बनाएगी:शाह
गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अगले साल होने वाले आम चुनावों में देश भर में 300 से अधिक लोकसभा सीट जीतेगी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लगातार तीसरी बार केंद्र में सरकार बनाएगी. शाह ने यहां एक रैली को संबोधित करते हुए विश्वास जताया कि पार्टी इस पूर्वोत्तर राज्य में 14 में से 12 सीट पर जीत हासिल करेगी.
शाह ने कहा, ‘‘2024 के लोकसभा चुनावों में 300 से अधिक सीट पर पार्टी के जीत हासिल करने के साथ नरेंद्र मोदी लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री बनेंगे.’’ कांग्रेस पर प्रहार करते हुए शाह ने कहा, ‘‘पूर्वोत्तर को कभी कांग्रेस का एक गढ़ माना जाता था, लेकिन राहुल गांधी की (भारत जोड़ो) यात्रा के बावजूद पार्टी क्षेत्र के तीन राज्यों में हुए हालिया विधानसभा चुनावों में अच्छा प्रदर्शन करने में नाकाम रही.’’ हाल में मेघालय,त्रिपुरा और नगालैंड में विधानसभा चुनाव हुए थे. भाजपा ने त्रिपुरा में सरकार बनाई और अन्य दो राज्यों में सहयोगी दलों के साथ सत्ता में लौटी.
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की ब्रिटेन यात्रा के दौरान की गई उनकी विवादास्पद टिप्पणियों का जिक्र करते हुए शाह ने कहा, ‘‘उन्होंने(राहुल ने) विदेशी धरती से भारत का अपमान किया. यदि वह ऐसा करना जारी रखेंगे, तो कांग्रेस का न केवल पूर्वोत्तर से, बल्कि पूरे देश से सफाया हो जाएगा.’’ उन्होंने कहा, ‘‘वे प्रधानमंत्री की जितनी ंिनदा करेंगे, उतना ही अधिक भाजपा आगे बढ़ेगी.’’ शाह ने कहा कि विवादास्पद सशस्त्र बल (विशेषाधिकार) अधिनियम,1958 या आफस्पा को असम के 70 प्रतिशत इलाकों से हटा लिया गया है, जबकि बोडोलैंड और कार्बी आंगलोंग इलाके शांतिपूर्ण हैं तथा पड़ोसी राज्यों के साथ राज्य के सीमा विवाद का समाधान किया जा रहा है.
उन्होंने कहा, ‘‘पहले, असम को आंदोलन और आतंकवाद के लिए जाना जाता था, लेकिन अब शांति है और लोग बिहू संगीत की धुन पर नृत्य कर रहे हैं.’’ उन्होंने गुवाहाटी में 14 अप्रैल को आयोजित किये जाने वाले एक कार्यक्रम का उल्लेख करते हुए यह कहा. प्रधानमंत्री मोदी की मौजूदगी वाले इस कार्यक्रम में 11,000 से अधिक नर्तक-नर्तकी भाग लेंगे.
मोदी सरकार सीमावर्ती इलाकों की सुरक्षा, विकास के लिए प्रतिबद्ध :अमित शाह
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को कहा कि केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार सीमावर्ती इलाकों की सुरक्षा और विकास के लिए प्रतिबद्ध है. उन्होंने चीन की सीमा से लगे इस गांव में अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू, उप मुख्यमंत्री चाउना मीन और अन्य नेताओं के साथ एक बैठक के बाद यह टिप्पणी की.
शाह ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘आज सुबह किबिथू में मुख्यमंत्री पेमा खांडू, उपमुख्यमंत्री चाउना मीन, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बीयुराम वाहगे, मंत्री बामंग फेलिक्स, सांसद तापिर गाव और विधायक दसांगलु पुल के साथ चर्चा की. मोदी सरकार सीमावर्ती इलाकों की सुरक्षा व विकास के लिए प्रतिबद्ध है.’’ शाह ने सीमावर्ती इलाकों के सर्वांगीण विकास के लिए सोमवार को यहां ‘वाईब्रेंट विलेज’ कार्यक्रम की शुरूआत की थी.
मुख्यमंत्री खांडू ने कहा कि शाह ने अरुणाचल प्रदेश के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की. बाद में, गृह मंत्री ने वालोंग युद्ध स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित की. शाह ने एक अन्य ट्वीट में कहा, ‘‘मातृभूमि के लिए उनके सर्वोच्च बलिदान की गाथाएं भारत के इतिहास में सदा ही गूंजा करेंगी और आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्र की सेवा के लिए प्रेरित करती रहेंगी. अरुणाचल प्रदेश में वालोंग युद्ध स्मारक पर 1962 के युद्ध के बहादुर नायकों को श्रद्धांजलि अर्पित की.’’ भाषा सुभाष माधव