जम्मू-कश्मीर के पुंछ में घुसपैठ की कोशिश नाकाम, हथियार और गोला-बारूद बरामद

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 15 Jun 2023 09:15 PM
जम्मू-कश्मीर के पुंछ में घुसपैठ की कोशिश नाकाम, हथियार और गोला-बारूद बरामद
ऑडियो सुनें

जम्मू. सेना ने बृहस्पतिवार को जम्मू कश्मीर के पुंछ जिले में आतंकी घुसपैठ की कोशिश नाकाम करते हुए नियंत्रण रेखा के पास से बड़ी संख्या में हथियार और गोला-बारूद बरामद किया. अधिकारियों ने बताया कि कृष्णा घाटी सेक्टर में तलाशी अभियान के दौरान यह बरामदगी हुई है जिसमें ‘स्टील कोर’ कारतूस और पाकिस्तान निर्मित दवाइयां भी शामिल हैं.

जम्मू में सेना के प्रवक्ता लेफ्टिनेंट कर्नल देवेंद्र आनंद ने कहा, ”भारतीय सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस के एक संयुक्त अभियान में सतर्क जवानों ने 14 और 15 जून की मध्यरात्रि को कृष्णा घाटी सेक्टर में नियंत्रण रेखा पर घुसपैठ की कोशिश को नाकाम कर दिया.” उन्होंने बताया कि जवानों ने पुख्ता सूचना के आधार पर तलाशी अभियान शुरू किया और इस दौरान दो बैग मिले जिसमें एक एके-47 राइफल, नौ मैगजीन, 438 कारतूस, चार मैगजीन के साथ दो पिस्तौल और छह ग्रेनेड के अलावा कुछ कपड़े और दवाइयां थे.

लेफ्टिनेंट कर्नल आनंद ने कहा, ”इस त्वरित कार्रवाई से घुसपैठ की एक और कोशिश नाकाम कर दी गई है, जिससे पुंछ जिले में शांति भंग होने की आशंका थी.” अधिकारियों ने बताया कि बुधवार देर रात सीमा पार से घुसपैठ की कोशिश कर रहे संदिग्ध आतंकवादियों की गतिविधि को भांपने के बाद सेना के जवानों ने गोलीबारी की.

हालांकि, आतंकवादी घने कोहरे और अंधेरे का फायदा उठाकर हथियारों और गोला-बारूद की खेप को छोड़कर भागने में सफल रहे.
अधिकारियों ने बताया कि आखिरी रिपोर्ट मिलने तक तलाशी अभियान जारी था. इस बीच, संदिग्ध गतिविधियों की सूचना के बाद मखयाला और बैंच गांवों में घेराबंदी और खोज अभियान में पुलिस ने सेना की मदद की.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu