IPL 2024: टी20 विश्व कप में खेलने को लेकर कार्तिक ने तोड़ी चुप्पी, जानिए क्या कहा

Author: www.navabharat.news
UPDATED: Sat, 20 Apr 2024 07:55 PM
IPL 2024: टी20 विश्व कप में खेलने को लेकर कार्तिक ने तोड़ी चुप्पी, जानिए क्या कहा
ऑडियो सुनें

आईपीएल के मौजूदा सीजन में शानदार फॉर्म में चल रहे रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश कार्तिक के टी20 विश्व कप में खेलने को लेकर चर्चाओं ने जोर पकड़ लिया है। आरसीबी का सामना अब रविवार को ईडन गार्डेंस पर कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) से होना है। आरसीबी का प्रदर्शन मौजूदा आईपीएल सीजन में अच्छा नहीं रहा है और टीम अंक तालिका में निचले स्थान पर चल रही है। कार्तिक ने अब टी20 विश्व कप में खेलने को लेकर चुप्पी तोड़ी है और उन्होंने भारत के लिए एक बार फिर वैश्विक टूर्नामेंट में खेलने का सपना देखना नहीं छोड़ा है।

2022 टी20 विश्व कप का रहे थे हिस्सा
कार्तिक ने 2022 टी20 विश्व कप में हिस्सा लिया था। आईपीएल के मौजूदा सीजन के तुरंत बाद अमेरिका और वेस्टइंडीज में होने वाले टी20 विश्व कप के समय 39 साल के हो जाएंगे। कार्तिक ने 2022 टी20 विश्व कप के बाद भारत के लिए कोई टूर्नामेंट नहीं खेला। वह पिछले साल भारत में खेले गए वनडे विश्व कप का हिस्सा नहीं थे। कार्तिक आईपीएल के मौजूदा सीजन में खेलने से पहले कमेंट्री कर रहे थे।

फिनिशर के तौर पर बनाई पहचान
कार्तिक का बल्ला इस सीजन काफी धूम मचा रहा है। वह मुश्किल वक्त में आरसीबी के लिए तेज तर्रार पारियां खेल रहे हैं और अपनी बल्लेबाजी को नए स्तर तक ले गए हैं। उन्होंने 205 से ज्यादा की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की है। कार्तिक विराट कोहली (361) और कप्तान फाफ डुप्लेसिस (232) के बाद आरसीबी के लिए इस सीजन सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। उन्होंने अब तक 226 रन बनाए हैं।

‘भारत का प्रतिनिधित्व करना शानदार होगा’
केकेआर के खिलाफ मैच से पहले कार्तिक ने कहा, अपनी जीवन के इस पड़ाव पर मेरे लिए भारत का प्रतिनिधित्व (टी20 विश्व कप में) करना शानदार अहसास होगा। मैं ऐसा करने के लिए उत्सुक हूं। इस टी20 विश्व कप में भारत का प्रतिनिधित्व करने के अलावा मेरी जिंदगी में इससे बड़ा कुछ नहीं होगा। हालांकि मुझे लगता है कि तीन बहुत की बेहतरीन लोग हैं जिन्हें इस पर फैसला लेना है। राहुल द्रविड़, रोहित शर्मा और अजित अगरकर है जो फैसला करेंगे कि विश्व कप के लिए सर्वश्रेष्ठ भारतीय टीम क्या होनी चाहिए। मैं पूरी तरह से उनके साथ हूं। मैं उनके किसी भी फैसले का सम्मान करत हूं, लेकिन अपने बारे में यही कह सकता हूं कि मैं पूरी तरह तैयार हूं और टी20 विश्व कप टीम में शामिल होने के लिए हर संभव कोशिश करूंगा।

‘अपनी बल्लेबाजी का आनंद ले रहा हूं’
टीम में फिनिशर की भूमिका पर कार्तिक ने कहा, मैं बस अपनी बल्लेबाजी का आनंद ले रहा हूं। मुझे लगता है कि आज के समय में एक खिलाड़ी के नाते आपको अपनी मजबूती को पहचनना जरूरी है। मैं आंद्रे रसेल या कीरोन पोलार्ड नहीं हूं जो किसी भी गेंद पर छक्का मार दे इसलिए मुझे समझना होता है कि मैं किस तरह ऐसा कर सकता हूं। मेरे लिए मैदान पर जाकर बल्लेबाजी करना और आरसीबी के लिए जो भी कर रहा हूं वो आनंद भरे पल हैं।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By www.navabharat.news