ईरान ने इजरायल पर सैकड़ों ड्रोन और मिसाइलें लॉन्च की…

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Tue, 16 Apr 2024 02:07 PM
ईरान ने इजरायल पर सैकड़ों ड्रोन और मिसाइलें लॉन्च की…
ऑडियो सुनें

तेहरान: इजरायल पर ईरान के हमले के बाद उपजी स्थिति से मिडिल ईस्ट में स्थिति नाजुक बनी हुई है। तेहरान ने एक बार फिर से इजरायल को चेतावनी देते हुए कहा कि ईरान पर भविष्य में कोई भी हमला का जवाब सीधे तौर पर दिया जाएगा। दमिश्क में ईरान के वाणिज्य दूतावास पर हुए घातक हमले के जवाब में ईरान ने इजरायल पर शनिवार को सैकड़ों ड्रोन और मिसाइलें लॉन्च की।

हालांकि, इजरायल ने ईरान के हमलों को नाकाम कर दिया। ईरानी राष्ट्रपति के सहयोगी मोहम्मद जमशीदी ने इजरायल पर ईरानी कार्रवाई को सफल करार दिया। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन का मतलब है कि रणनीतिक तौर पर सभी दरवाजे बंद हो गए हैं और धैर्य का समय खत्म हो गया है। उन्होंने कहा कि अब समीकरण बदल गया है। इजरायल अगर हमारे कर्मियों और संपत्तियों को निशाना बनाता है तो उसको सीधी और दंडात्मक प्रतिक्रिया दी जाएगी।

वहीं, राष्ट्रपति इब्राहिम रायसी ने इजरायल पर ईरानी ऑपरेशन को नया रास्ता खुलने जैसा बताया है। उन्होंने कहा कि हमने इजरायल को सबक सिखाया है। वहीं, इजरायल पर ईरान के हमले के बाद हुई सुरक्षा परिषद की आपात बैठक में मध्य-पूर्व (पश्चिम एशिया) में तनाव न बढ़ाने पर आम राय बनी। बैठक में संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटेरस ने कहा कि मध्य-पूर्व इस समय खतरनाक मोड़ पर है।

वहां पर केवल तनाव को कम करने वाले प्रयास होने चाहिए। इससे पहले संयुक्त राष्ट्र में ईरान के स्थायी प्रतिनिधि आमिर सईद ईरावानी ने कहा कि ईरान ने संयुक्त राष्ट्र के चार्टर के अनुसार आत्मरक्षा में इजरायल पर कार्रवाई की है। ईरान ने सीरिया स्थित अपने दूतावास पर हमले के बाद इजरायल पर कार्रवाई की।

इसलिए परिषद ईरान के खिलाफ कोई कदम नहीं उठा सकती है, जबकि इजरायल के स्थायी प्रतिनिधि गिलाड एर्डन ने कहा कि सुरक्षा परिषद को न केवल ईरानी हमले की निंदा करनी चाहिए बल्कि ईरान पर ऐसे प्रतिबंध लगाने चाहिए जिससे उसका परमाणु कार्यक्रम आगे न बढ़ पाए।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav