‘जवान’ ने ‘पठान’ के रिकॉर्ड तोड़े, पहले ही दिन 75 करोड़ की कमाई…

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Fri, 08 Sep 2023 09:38 PM
‘जवान’ ने ‘पठान’ के रिकॉर्ड तोड़े, पहले ही दिन 75 करोड़ की कमाई…
ऑडियो सुनें

नई दिल्ली/मुंबई. पहले दिन सबसे अधिक कमाई करने वाली हिंदी फिल्म बनी “जवान”, दुनियाभर में 129 करोड़ रुपये कमाए मुंबई, आठ सितंबर (भाषा) अभिनेता शाहरुख खान की फिल्म “जवान” ने पहले दिन दुनियाभर में 129.6 करोड़ रुपये जबकि भारत में 75 करोड़ रुपये की कमाई की. इसके साथ ही यह हिंदी सिनेमा के इतिहास में पहले दिन देश-विदेश में सबसे अधिक कमाई करने वाली फिल्म बन गई है. फिल्म निर्माताओं ने शुक्रवार को यह जानकारी दी.

“जवान” का निर्देशन तमिल फिल्म निर्माता एटली ने किया है. फिल्म में नयनतारा और विजय सेतुपति ने अभिनय किया जबकि दीपिका पादुकोण ने विशेष भूमिका निभाई. फिल्म बृहस्पतिवार को दुनिया भर में हिंदी, तमिल और तेलुगु में रिलीज हुई थी.
प्रोडक्शन हाउस रेड चिलीज एंटरटेनमेंट ने दुनियाभर में फिल्म की कमाई का आंकड़ा साझा करते हुए सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, “जैसा कि जवान ने कहा है, ये तो बस शुरुआत है. बेशुमार प्यार के लिए आपका शुक्रिया. ” ”जवान” सामाजिक व राजनीतिक मुद्दों पर केंद्रित पिता-पुत्र की कहानी है. फिल्म में मुख्य किरदार शाहरुख ने निभाया है.

कारोबार विशेषज्ञ तरण आदर्श ने अनुमान जताया था कि शाहरुख की यह फिल्म रिलीज के पहले दिन सबसे अधिक कमाई करने वाली हिंदी फिल्म का रिकॉर्ड बना सकती है. उन्होंने कहा, “जवान” सनसनीखेज है…इतिहास रच चुकी है. ‘जवान’ ने गेंद को स्टेडियम के बाहर पहुंचा दिया है…पिछले सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं…पहले दिन भारत में 65.50 करोड़ रुपये कमाई की. इसके साथ ही इसने पहले दिन सबसे अधिक कमाई के मामले में “पठान” (55 करोड़) और “केजीएफ” (53.95 करोड़) को पीछे छोड़ दिया.

निर्देशक एटली ने गेइटी गैलेक्सी सिनेमाघर पहुंचकर दर्शकों को चौंकाया

शाहरुख खान अभिनीत फिल्म ‘जवान’ के निर्देशक एटली ने यहां गेइटी गैलेक्सी सिनेमाघर पहुंचकर दर्शकों को चौंका दिया. यह फिल्म हिंदी, तमिल और तेलुगू में बृहस्पतिवार को रिलीज हुई थी. एटली (36) बृहस्पतिवार रात को बांद्रा के इस सिनेमाघर में पहुंचे और देर रात का शो देख रहे दर्शकों को चौंका दिया.

दर्शकों ने एटली का जोरदार स्वागत किया और उनके साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं. एटली ने प्रशंसकों के प्रति आभार जताया. एटली ने गेइटी गैलेक्सी के बाहर संवादाताओं से कहा, ”मैं सभी से प्यार करता हूं और वे भी मुझसे प्यार करते हैं. यह सब शाहरुख सर की वजह से है, मैंने सिर्फ अपना काम किया है.” ‘जवान’ एक एक्शन थ्रिलर फिल्म है. फिल्म एक ऐसे व्यक्ति के भावनात्मक सफर को बयां करती है, जो समाज में व्याप्त कुरीतियों को दूर करना चाहता है. फिल्म में विजय सेतुपति और नयनतारा भी मुख्य भूमिका में हैं.

कंगना रनौत ने जवान के लिए की शाहरुख की तारीफ, कहा ‘आपकी लगन, मेहनत और विनम्रता को नमन’

फिल्म ‘जवान’ में शाहरुख खान के अभिनय की तारीफ करते हुए अभिनेत्री कंगना रनौत ने कहा कि शाहरुख को सिर्फ गले लगाने या फिर गालों पर डिंपल पड़ने के लिए ही नहीं बल्कि दुनिया को बचाने का संदेश देने के लिए भी सिनेमा का किंग कहा जाता है.

कंगना ने बृहस्पतिवार शाम को अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक नोट पोस्ट किया और शाहरुख की मेहनत और लगन की सराहना की.
उन्होंने लिखा कि शाहरुख सिनेमा के किंग हैं, जिनकी सिनेमा को जरूरत है और वो भी उनके गले लगाने या फिर गालों पर डिंपल के लिए नहीं बल्कि दुनिया को बचाने का संदेश देने के लिए. कंगना ने लिखा, ”आपकी लगन, मेहनत और विनम्रता को नमन किंग खान.” भारत में हिंदी, तमिल और तेलुगू में रिलीज हुई ‘जवान’ एक एक्शन थ्रिलर फिल्म है. फिल्म एक ऐसे व्यक्ति के भावनात्मक सफर को बयां करती है, जो समाज की कुरितियों को ठीक करना चाहता है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav