झारखंड: प्रशिक्षु पायलट का शव मिला, लापता विमान और एक अन्य पायलट की तलाश जारी

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Thu, 22 Aug 2024 02:54 PM
झारखंड: प्रशिक्षु पायलट का शव मिला, लापता विमान और एक अन्य पायलट की तलाश जारी
ऑडियो सुनें

जमशेदपुर: झारखंड के जमशेदपुर स्थित हवाई अड्डे से उड़ान भरने के बाद लापता हुए दो सीट वाले विमान में सवार प्रशिक्षु पायलट का शव बृहस्पतिवार को चांडिल बांध में पाया गया जबकि विमान और एक अन्य पायलट की तलाश जारी है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि एक निजी उड़ान प्रशिक्षण संस्थान ‘अलकेमिस्ट एविएशन’ का यह विमान ‘सेसना 152’ मंगलवार सुबह सोनारी हवाई अड्डे से उड़ान भरने के बाद लापता हो गया था, जिसके बाद बांध के जलाशय सहित आस-पास के इलाकों में इसका पता लगाने के लिए बड़े पैमाने पर खोजबीन अभियान चलाया गया।

उन्होंने बताया कि विमान के चांडिल बांध के आस-पास दुर्घटनाग्रस्त होने का संदेह था, बांध के जलाशय में खोज के दौरान सुबह एक शव पानी में उतराया पाया गया। अधिकारियों ने बताया कि बाद में शव की पहचान प्रशिक्षु पायलट शुभ्रोदीप दत्ता के रूप में हुई जो सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर का निवासी था।

इस बीच, भारतीय नौसेना की एक टीम विमान और पटना निवासी 35 वर्षीय पायलट कैप्टन जीत शत्रु की खोज में शामिल हो गई। अधिकारियों ने बताया कि नौसेना की 19 सदस्यीय टीम विशाखापत्तनम से लाई गई।
बुधवार को राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की छह सदस्यीय टीम ने घंटों जलाशय में खोजबीन की।

पुलिस अधीक्षक (सरायकेला-खरसावां) मुकेश कुमार लुनायत ने बताया कि ग्रामीणों द्वारा विमान के जलाशय में दुर्घटनाग्रस्त होने का दावा करने के बाद जलाशय में खोजबीन की जा रही है। पूर्वी ंिसहभूम जिले के उपायुक्त अनन्य मित्तल ने बताया था कि सोनारी हवाई अड्डे पर हवाई यातायात नियंत्रण को ‘अलकेमिस्ट एविएशन कंपनी’ के विमान की आखिरी ‘लोकेशन’ सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल उप-मंडल के अंतर्गत निमडीह में मिली थी।

उन्होंने बताया कि पूर्वी ंिसहभूम और सरायकेला-खरसावां जिलों का प्रशासन, पुलिस और वन विभाग की टीम विमान की तलाश में जुटी है। उन्होंने बताया कि विमान का पता लगाने के लिए निमडीह के पास के इलाकों और पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले में भी तलाश की जा रही है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav