
जयपुर. बैंक यूनियनों के संयुक्त मंच ने 30 और 31 जनवरी को दो दिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल का आह्वान किया है. बैंक यूनियन के एक नेता ने रविवार को कहा कि 11वें वेतन समझौते सहित विभिन्न मांगों पर दबाव बनाने के लिए हड़ताल की जा रही है. बैंक कर्मचारियों का 11वां वेतन समझौता भारतीय बैंक संघ और बैकिंग क्षेत्र के मजदूर संघों के संयुक्त मंच यूनाइटेड फोरम आॅफ बैंक यूनियंस के बीच 11 नवंबर, 2020 को हुआ था.
यूनाइटेड फोरम आॅफ बैंक यूनियंस के राज्य संयोजक महेश मिश्रा कहा कि समझौते से जुड़े मु्द्दों, बैंकों में सप्ताह में पांच कार्यदिवस, पदोन्नति और वेतन और पेंशन निर्धारण जैसी मांगें अधूरी पड़ी हैं. उन्होंने कहा कि संयुक्त मंच पिछले 28 महीनों से बाकी मुद्दों को हल करने की कोशिश कर रहा है, लेकिन भारतीय बैंक संघ ने कोई सकारात्मक प्रतिक्रिया नहीं दी है. मिश्रा ने दावा किया कि 30 और 31 जनवरी को दो दिवसीय हड़ताल में देश के सभी बैंकों के दस लाख कर्मचारी और अधिकारी शामिल होंगे.



