जे पी नड्डा बने राज्यसभा में सदन के नेता, प्रधानमंत्री का जताया आभार

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 27 Jun 2024 07:37 PM
जे पी नड्डा बने राज्यसभा में सदन के नेता, प्रधानमंत्री का जताया आभार
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा को बृहस्पतिवार को राज्यसभा में सदन का नेता नियुक्त किया गया. सभापति जगदीप धनखड़ ने उच्च सदन में इसकी घोषणा की. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा दोनों सदनों की संयुक्त बैठक को संबोधित करने के बाद जब उच्च सदन की बैठक प्रारंभ हुई तो सभापति धनखड़ ने नड्डा को उच्च सदन का नेता घोषित किया.

नड्डा इसी वर्ष गुजरात से निर्वाचित होकर उच्च सदन में पहुंचे हैं और उनका कार्यकाल 2030 तक है. नड्डा केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री तथा रासायनिक एवं उर्वरक मंत्री भी हैं. इससे पहले भाजपा नेता एवं केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल राज्यसभा में सदन के नेता थे. गोयल के लोकसभा के लिए निर्वाचित होने के कारण उच्च सदन के नेता का पद रिक्त हो गया था.

बाद में ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में नड्डा ने नयी जिम्मेदारी के लिए सभापति धनखड़, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का आभार जताया. उन्होंने कहा, ”मैं अत्यंत समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने की प्रतिज्ञा करता हूं और जनता से संबंधित मुद्दों को चर्चा और समाधान के लिए प्राथमिकता दूंगा. जय हिंद!”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu