भाजपा के शीर्ष नेतृत्व से निर्देश मिलने के बाद जल्द होगा कर्नाटक मंत्रिमंडल का विस्तार: बोम्मई

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Wed, 18 Jan 2023 03:35 PM
ऑडियो सुनें

बेंगलुरू: कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने बुधवार को कहा कि राज्य मंत्रिमंडल के विस्तार को लेकर उनकी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के केंद्रीय नेतृत्व से विस्तृत चर्चा हुई है और जैसे ही उन्हें इस संबंध में आदेश मिलेगा, इस पर अमल किया जाएगा। बोम्मई भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में भाग लेने के लिए पिछले दो दिनों से नयी दिल्ली में थे।

उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा, ‘‘ हमने पिछली बार भी इस पर चर्चा की थी, वे (पार्टी नेतृत्व) इसे लेकर हमें जल्द से जल्द सूचित करेंगे। पिछले दो दिनों के दौरान पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक थी, हम उस पर विशेष चर्चा नहीं कर सके। ’’ मुख्यमंत्री ने यहां संवाददाताओं से कहा कि पहले भी केंद्रीय नेतृत्व के साथ इस पर चर्चा हुई थी और उसी के अनुसार मंत्रिमंडल का विस्तार होगा।

गौरतलब है कि बोम्मई ने 26 दिसंबर को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी और उनके साथ मंत्रिमंडल विस्तार सहित विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की थी। मुख्यमंत्री ने कहा कि सात जनवरी को एक और बैठक होगी, जिसके बाद जल्द ही मंत्रिमंडल के विस्तार की कवायद पर फैसला किया जाएगा। बोम्मई ने कहा, ‘‘पार्टी का शीर्ष नेतृत्व तय करेगा कि मंत्रिपरिषद में कौन शामिल होगा। ’’ उल्लेखनीय है कि कर्नाटक में मई में विधानसभा चुनाव होने हैं।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav