केजरीवाल ने यमुना को प्रदूषित होने दिया, दिल्लीवासियों को इसका पानी पीने के लिए मजबूर किया: शाह

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 30 Jan 2025 09:54 PM
केजरीवाल ने यमुना को प्रदूषित होने दिया, दिल्लीवासियों को इसका पानी पीने के लिए मजबूर किया: शाह
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी (आप) प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने यमुना नदी को प्रदूषित होने दिया और दिल्ली के लोगों को इसका पानी पीने के लिए मजबूर किया. रोहिणी विधानसभा क्षेत्र में एक जनसभा को संबोधित करते हुए शाह ने आरोप लगाया कि लोग पूछ रहे हैं कि लंदन की टेम्स नदी की तरह यमुना को साफ करने के उनके वादे को पूरा करने का क्या हुआ, जबकि केजरीवाल हरियाणा की भाजपा सरकार पर नदी में जहर मिलाने का झूठा आरोप लगाकर ”बहाना” बना रहे हैं.

उन्होंने हरियाणा सरकार के खिलाफ केजरीवाल के आरोप को ”ओछी राजनीति” करार दिया और आरोप लगाया कि ‘आप’ सरकार ”भ्रष्टाचार” के कारण अपने 10 साल के शासन के दौरान यमुना की सफाई के केजरीवाल के वादे को पूरा नहीं कर सकी. शाह ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, ”केजरीवाल कहते हैं कि भाजपा के लोगों ने दिल्ली के लोगों को परेशान करने के लिए यमुना में जहर मिला दिया है. मैं केजरीवाल से कहने आया हूं कि उन्हें चुनाव जीतने के लिए झूठ बोलना बंद कर देना चाहिए.”

उन्होंने आरोप लगाया, ”केजरीवाल, आपने यमुना को प्रदूषित किया और दिल्ली के लोगों को उसका पानी पीने के लिए मजबूर किया.” उन्होंने कहा, ”केजरीवाल चुनाव में अपनी (पार्टी की) हार को भांपकर ऐसी ओछी राजनीति कर रहे हैं.” उन्होंने कहा, ”वे बहाने बनाते रहते हैं… केजरीवाल जी, अगर आप कुछ नहीं कर सकते तो (दिल्ली को भाजपा के लिए) छोड़ दीजिए. हम दिखाएंगे कि दिल्ली को कैसे बेहतर तरीके से चलाया जा सकता है.” उन्होंने कहा, ”आम आदमी पार्टी का मतलब है ”झूठ और धोखा”. उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी सरकार अपने किसी भी वादे को पूरा करने में विफल रही.

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता शाह ने कहा कि केजरीवाल ने ‘आप’ के 10 साल के शासन के दौरान पूरी दिल्ली को ”एक तरह से कूड़ादान” बना दिया. शाह ने दिल्ली में ‘आप’ के 10 साल के शासन के दौरान कथित भ्रष्टाचार का मुद्दा भी उठाया और आरोप लगाया कि केजरीवाल के नेतृत्व में उनके कार्यकाल के दौरान करोड़ों रुपये के घोटाले हुए. उन्होंने दिल्ली आबकारी नीति मामले में केजरीवाल और अन्य की गिरफ्तारी का स्पष्ट संदर्भ देते हुए कहा कि ‘आप’ नेताओं को घोटालों में शामिल होने के कारण जेल में डाल गया.

उन्होंने कहा, ”आप भ्रष्टाचार की बात करते हैं. आपने शराब घोटाला, जल बोर्ड घोटाला, राशन वितरण घोटाला, डीटीसी बस घोटाला, कक्षा निर्माण घोटाला, पैनिक बटन (बस) घोटाला किया और अपने लिए 52 करोड़ रुपये का ‘शीश महल’ बनवाया.” भाजपा अक्सर ‘शीश महल’ का तंज कसते हुए केजरीवाल पर निशाना साधती रही है और आरोप लगाती है कि दिल्ली के मुख्यमंत्री के रूप में उनके आवास के नवीनीकरण में भ्रष्टाचार हुआ है.

केजरीवाल पर निशाना साधते हुए केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा, ”आज स्थिति यह है कि वह जहां भी जाते हैं, लोगों को इंसान की बजाय वह शराब की बोतल की तरह नजर आते हैं.” शाह ने लोगों से ‘आप’ को सत्ता से हटाने और दिल्ली को देश की नंबर एक राजधानी बनाने के लिए भाजपा को अपना जनादेश देने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि अगर भाजपा सत्ता में आई तो वह दिल्ली को सुंदर और भ्रष्टाचार मुक्त शहर बनाएगी.

उन्होंने कहा, ”सभी कूड़े के पहाड़ हटा दिए जाएंगे. शहर की सड़कें और गलियां साफ की जाएंगी. शहर में बेहतर जल प्रबंधन होगा.” उन्होंने कहा, ”प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के हाथ मजबूत करें और प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में (दिल्ली में) डबल इंजन वाली सरकार बनाएं.” भाजपा उम्मीदवारों के लिए प्रचार करते हुए शाह ने शालीमार बाग में रोड शो और वजीरपुर में एक जनसभा भी की.
दिल्ली विधानसभा की 70 सीट के लिए पांच फरवरी को मतदान होगा और मतगणना आठ फरवरी को होगी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu