केजरीवाल ने न्यायालय के निर्देश पर उपराज्यपाल को डीईआरसी अध्यक्ष की नियुक्ति की फाइल दोबारा भेजी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 30 May 2023 08:31 PM
केजरीवाल ने न्यायालय के निर्देश पर उपराज्यपाल को डीईआरसी अध्यक्ष की नियुक्ति की फाइल दोबारा भेजी
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) राजीव कुमार श्रीवास्तव के दिल्ली बिजली नियामक आयोग (डीईआरसी) अध्यक्ष पद पर नियुक्ति संबंधी फाइल दोबारा उपराज्यपाल को भेजी है. सरकार ने मंगलवार को यहां जारी एक बयान में यह जानकारी दी.

दिल्ली सरकार ने यह कदम उच्चतम न्यायालय के 19 मई के आदेश के बाद उठाया है जिसमें कहा गया था कि दिल्ली के उपराज्यपाल मंत्रिमंडल की सलाह और सहायता से कार्य करें और दो सप्ताह के भीतर डीईआरसी अध्यक्ष की नियुक्ति करें. सरकार ने कहा, ” मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने डीईआरसी अध्यक्ष की नियुक्ति की फाइल फिर से दिल्ली के उपराज्यपाल को भेजी है. यह कदम 19 मई को उच्चतम न्यायालय द्वारा लगाई गई फटकार के बाद उठाया गया है जिसमें उपराज्यपाल को दो सप्ताह में नियुक्ति की प्रक्रिया को पूरा करने के लिए कहा गया था.” गौरतलब है कि दिल्ली में बिजली क्षेत्र के प्रभावी नियमन के लिए डीईआरसी अध्यक्ष की नियुक्त अहम है.

इस साल जनवरी में मुख्यमंत्री केजरीवाल ने डीईआरसी अध्यक्ष के पद पर न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) श्रीवास्तव को नियुक्त करने की मंजूरी दी थी. उनकी नियुक्ति का प्रस्ताव तत्कालीन उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने दिया था जो बिजली विभाग के भी मंत्री थे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu