नहीं झुकने के कारण लालू और उनके परिवार को प्रताड़ित किया जा रहा है: प्रियंका गांधी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 06 Mar 2023 06:45 PM
नहीं झुकने के कारण लालू और उनके परिवार को प्रताड़ित किया जा रहा है: प्रियंका गांधी
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली/बेलगावी. कांग्रेस ने नौकरी के बदले जमीन के कथित घोटाला मामले में सोमवार को बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी से केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) द्वारा पूछताछ किए जाने की भर्त्सना करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी विपक्ष की आवाज को दबाना चाहती है. पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने यह दावा भी किया लालू प्रसाद और उनका परिवार नहीं झुका, इसीलिए उन्हें प्रताड़ित किया जा रहा है.

प्रियंका गांधी ने ट्वीट किया, ‘‘जो विपक्षी नेता भाजपा के सामने झुकने को तैयार नहीं हैं, उन्हें ईडी-सीबीआई के जरिये प्रताड़ित किया जा रहा है. आज राबड़ी देवी जी को परेशान किया जा रहा है. लालू प्रसाद जी व उनके परिवार को वर्षों से प्रताड़ित किया जाता रहा है, क्योंकि वे नहीं झुके .’’ उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘भाजपा विपक्ष की आवाज दबाना चाहती है.’’ कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘हम राबड़ी देवी जी के खिलाफ इस कार्रवाई की भर्त्सना करते हैं. यह कोई संयोग नहीं है. 2014 के बाद ईडी के मामले चार गुना बढ़ गए और इनमें से 95 प्रतिशत मामले विपक्ष के खिलाफ हैं.’’

उन्होंने सवाल किया कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) और दूसरी एजेंसियां अडाणी के यहां क्यों नहीं पहुंचतीं? उल्लेखनीय है कि सीबीआई के एक दल ने नौकरी के बदले जमीन के कथित घोटाला मामले की जांच के सिलसिले में बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी से उनके आवास पर सोमवार को पूछताछ की. अधिकारियों ने बताया कि आवास पर कोई तलाशी नहीं हुई या कोई छापा नहीं मारा जा रहा.

विपक्षी नेताओं को पकड़ने के लिए आयकर और लोकायुक्त अधिकारियों पर दबाव डाल रही है भाजपा: डी के शिवकुमार

कर्नाटक कांग्रेस अध्यक्ष डी के शिवकुमार ने सोमवार को आरोप लगाया कि स्वयं के एक विधायक के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोपों का सामना कर रही राज्य की सत्ताधारी भाजपा आयकर और लोकायुक्त अधिकारियों पर विपक्षी दलों के लोगों को इसी तरह के मामलों में पकड़ने और उनके सहित कुछ नेताओं के आसपास रहने वाले व्यक्तियों पर कड़ी निगरानी रखने का दबाव बना रही है.

लोकायुक्त ने कथित रिश्वत मामले में भाजपा विधायक मदल विरुपाक्षप्पा के बेटे वी प्रशांत मदल से पिछले सप्ताह आठ करोड़ रुपये से अधिक की बेहिसाब नकदी बरामद की थी, जिससे मई में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी को अजीब स्थिति का सामना करना पड़ा.

शिवकुमार ने कहा, ‘‘वे (भाजपा) शर्मिंदा हैं, इसलिए कांग्रेस और जद (एस) के नेताओं को पकड़ने के लिए आयकर, लोकायुक्त और अन्य के अधिकारियों पर दबाव बनाया जा रहा है.’’ उन्होंने यहां संवाददाताओं से कहा कि अधिकारियों को उनके साथ ही कांग्रेस विधायक दल के नेता सिद्धरमैया और पार्टी के कार्यकारी अध्यक्षों सहित अन्य नेताओं के आसपास रहने वाले लोगों पर कड़ी नजर रखने को कहा गया है.

उन्होंने कहा, ‘‘कुछ अधिकारियों के पास इतनी रकम है कि मंत्रियों के पास भी उतना पैसा नहीं होगा, धनराशि कुछ अधिकारियों के पास रखी गई है, हमारे पास सारी जानकारी है.’’ लोकायुक्त के छापे के बाद कांग्रेस ने कथित भ्रष्टाचार को लेकर राज्य में सत्तारूढ़ भाजपा के खिलाफ अपनी लड़ाई के तहत 9 मार्च को सुबह 9 बजे से पूर्वाह्न 11 बजे तक दो घंटे के बंद का आह्वान किया है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu