लालू ने लिफ्ट में ‘फंसने’ की आठ साल पुरानी घटना का जिक्र करते हुए अमित शाह पर निशाना साधा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 11 Mar 2024 10:16 PM
लालू ने लिफ्ट में ‘फंसने’ की आठ साल पुरानी घटना का जिक्र करते हुए अमित शाह पर निशाना साधा
ऑडियो सुनें

पटना. राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष लालू प्रसाद ने वर्ष 2015 में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के तत्कालीन राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के एक लिफ्ट में ”फंस” जाने की घटना का जिक्र करते हुए सोमवार को उन पर निशाना साधा. दो दिन पहले यहां पालीगंज में आयोजित एक रैली में शाह ने राजद पर जमीन हड़पने वालों को संरक्षण देने का आरोप लगाया था और ”उन्हें उल्टा लटकाकर सीधा करने” की बात कही थी. प्रसाद, शाह के इसी बयान पर प्रतिक्रिया दे रहे थे.

बिहार विधान परिषद चुनाव के लिए अपनी पत्नी राबड़ी देवी, पार्टी के तीन अन्य उम्मीदवारों और सहयोगी दल भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी-लेनिनवादी) लिबरेशन के एक उम्मीदवार के नामांकन दाखिल कराने को लेकर विधानसभा परिसर पहुंचे प्रसाद ने संवाददाताओं से कहा, ” क्या वह लिफ्ट के अंदर फंस नहीं गए थे, वह फिर फंस जाएंगे.” प्रसाद का इशारा 2015 के बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान की एक घटना की ओर था, जब शाह अपनी पार्टी की चुनावी तैयारियों की समीक्षा के लिए पटना आए थे और यहां स्थित अतिथि गृह की एक लिफ्ट में आधे घंटे तक ”फंस” गए थे. इस दौरान उनके साथ कई अन्य नेता भी थे.

संयोग से उक्त चुनाव में भाजपा और उसके सहयोगियों को हार का सामना करना पड़ा था जबकि जनता दल यूनाइटेड (जद-यू), राजद और कांग्रेस वाले महागठबंधन ने शानदार जीत हासिल की थी. जद-यू प्रमुख नीतीश कुमार हाल ही में महागठबंधन से अलग होकर भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में वापस आ गए हैं. प्रसाद की टिप्पणी पर भाजपा की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष एवं उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा, ” लालू प्रसाद दशकों से राजनीति में हैं. लेकिन उन्होंने कभी भी ऐसा कुछ नहीं कहा जिसे गंभीरता से लिया जा सके.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu