पुलवामा में मुठभेड़ में लश्कर-ए-तैयबा का आतंकवादी ढेर

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 11 Apr 2024 07:25 PM
पुलवामा में मुठभेड़ में लश्कर-ए-तैयबा का आतंकवादी ढेर
ऑडियो सुनें

श्रीनगर. जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले में बृहस्पतिवार को सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ में लश्कर-ए-तैयबा का एक आतंकवादी मारा गया. पुलिस ने यह जानकारी दी. जम्मू कश्मीर में पिछले तीन महीने से अधिक समय में यह आतंकवादियों और सुरक्षा बलों के बीच पहली मुठभेड़ थी. पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया कि आतंकवादियों की मौजूदगी की सूचना मिलने पर सुरक्षा बलों ने जिले के राजपुरा इलाके के फ्रेसीपुरा गांव में घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया था.

उन्होंने बताया कि आतंकवादियों ने सुरक्षा बलों पर गोलीबारी शुरू कर दी जिसके बाद जवानों ने जवाबी कार्रवाई की. पुलिस प्रवक्ता ने कहा कि मुठभेड़ में एक आतंकवादी मारा गया. उन्होंने बताया कि मारे गये आतंकवादी की पहचान श्रीनगर निवासी दानिश शेख के रूप में की गई है. वह प्रतिबंधित संगठन ‘द रजिस्टेंस फ्रंट’ (टीआरएफ) से जुड़ा था जो लश्कर-ए-तैयबा की शाखा है. पुलिस ने कहा कि मुठभेड़ स्थल से हथियार, गोला-बारूद और आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई है.

उसने बताया कि मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है. इससे पहले गत पांच जनवरी को शोपियां जिले में एक मुठभेड़ में लश्कर का एक आतंकवादी मारा गया था. इसके बाद तीन महीने से अधिक समय तक आतंकियों और सुरक्षा बलों के बीच मुठभेड़ की कोई घटना सामने नहीं आई. हालांकि पांच अप्रैल को सुरक्षा बलों ने बारामूला जिले के उरी सेक्टर में घुसपैठ की कोशिश को नाकाम कर दिया था और एक आतंकवादी को मार गिराया था.

जम्मू-कश्मीर में तीन आतंकवादी गिरफ्तार
सुरक्षा बलों ने जम्मू-कश्मीर के बारामूला जिले में आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के तीन आतंकवादियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी. उनके कब्जे से तीन हथगोले बरामद किये गये हैं. एक पुलिस प्रवक्ता ने कहा कि उन्हें पुख्ता जानकारी मिली थी कि प्रतिबंधित लश्कर-ए-तैयबा संगठन से जुड़े कुछ अज्ञात आतंकवादी सुरक्षा बलों को निशाना बनाने के इरादे से बारामूला शहर में घूम रहे हैं.

प्रवक्ता ने कहा कि तीनों की पहचान ओवैस अहमद वाजा, बासित फयाज कालू और फहीम अहमद मीर के रूप में हुई है जो कथित तौर पर सुरक्षा बलों की गतिविधियों के बारे में जानकारी दे रहे थे. उन्होंने कहा कि उनका इरादा आगामी चुनावों के मद्देनजर बारामूला में शांति भंग करना था. उनके खिलाफ गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu