दिवंगत अभिनेता पुनीत राजकुमार को मिलेगा ‘कर्नाटक रत्न’

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 01 Nov 2022 07:31 PM
दिवंगत अभिनेता पुनीत राजकुमार को मिलेगा ‘कर्नाटक रत्न’
ऑडियो सुनें

बेंगलुरू. दिवंगत अभिनेता पुनीत राजकुमार को मरणोपरांत कर्नाटक का सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार ‘कर्नाटक रत्न’ प्रदान किया जाएगा. पुनीत राजकुमार को 67वें कन्नड़ राज्योत्सव (राज्य स्थापना दिवस) के अवसर पर मंगलवार को यह पुरस्कार दिया जाएगा. इस कार्यक्रम का आयोजन आज शाम विधान सौध में किया जाएगा. यह कार्यक्रम शाम चार बजे गायक विजय प्रकाश की प्रस्तुति के साथ शुरू होगा. राज्य में यह सम्मान हासिल करने वाले वह नौंवे शख्स हैं.

अभिनेता रजनीकांत, जूनियर एनटीआर और इंफोसिस फाउंडेशन की अध्यक्ष सुधा मूर्ति इस कार्यक्रम में अतिथि होंगी. मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई पुरस्कार प्रदान करेंगे. अभिनेता की पत्नी अश्विनी पुनीत राजकुमार और उनके भाई व अभिनेता शिवराजकुमार तथा राघवेंद्र राजकुमार उनकी ओर से यह पुरस्कार स्वीकार करेंगे. ‘कर्नाटक रत्न’ आखिरी बार 2009 में समाज सेवा के लिए डॉ. वीरेंद्र हेगड़े को दिया गया था.

अभिनेता पुनीत राजकुमार का पिछले साल 29 अक्टूबर को दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया था. वह 46 वर्ष के थे. फिल्म ‘बेट्टाडा हूवू’ के लिए पुनीत को सर्वश्रेष्ठ बाल अभिनेता की श्रेणी में राष्ट्रीय पुरस्कार मिला था. 2002 में उन्होंने बतौर मुख्य अभिनेता अपना फिल्मी सफर शुरू किया. 29 फिल्मों के छोटे सफर में उन्होंने कई हिट फिल्में दीं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu